आजम के गुस्से का कहर, विभाग के अफसर बदले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मंत्री आजम खां की नाराजगी का खामियाजा आखिरकार अल्पसंख्यक विभाग के कर्मचारियों को भुगतना पड़ा। विभाग में अनुभाग अधिकारी से लेकर समीक्षा अधिकारी तक बदल दिए गए हैं। दो-चार कर्मचारियों को छोड़ दिया जाए तो यहां चारों अनुभागों में नए कर्मचारियों को लाया गया है।
कुछ दिनों पहले ही अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ मंत्री मो. आजम खां ने सचिवालय प्रशासन को पत्र लिखकर अपने यहां के सभी कर्मचारियों को बदलने के लिए कहा था। उन्होंने निदेशालय तक में बदलाव की बात लिखी थी।
इस पर सचिवालय प्रशासन ने कहा था कि वे लोग निदेशालय में कर्मियों को तैनात नहीं करते हैं। बाद में आजम ने अल्पसंख्यक अनुभाग के सभी कर्मचारियों को हटाने के आदेश दे दिए।
इसके बाद सचिवालय प्रशासन ने अल्पसंख्यक विभाग के चारों अनुभागों के लिए चार नए अनुभाग अधिकारी दे दिए हैं। कई नए समीक्षा अधिकारियों को भी यहां तैनात किया गया है।
इन मुद्दों पर किया था आजम का विरोध
विभाग में पहले से तैनात चल रहे समीक्षा अधिकारियों को दूसरे विभागों में भेज दिया गया है। अनुभाग अधिकारियों का भी तबादला दूसरे अनुभागों में कर दिया गया है। दरअसल, मंत्री अपने कर्मचारियों से इसलिए नाराज चल रहे थे क्योंकि रामपुर के सरकारी शोध संस्थान की जमीन आजम खां के ट्रस्ट को देने के निर्णय पर कई कर्मचारी सहमत नहीं थे।
उन्होंने इस फाइल पर हस्ताक्षर करने से भी इन्कार कर दिया था। वहीं कई अन्य मसलों पर भी यहां के कर्मचारियों ने हस्ताक्षर करने से मना कर दिया था।
विभाग के कामकाज पर पड़ेगा असर
एक साथ सभी कर्मचारियों को बदले जाने का असर विभाग के सामान्य कामकाज पर भी पड़ेगा। विभाग के वरिष्ठ अधिकारी कहते हैं कि अल्पसंख्यक विभाग में पुराने कर्मचारियों के जाने से फाइलों को ढूंढना भी मुश्किल हो जाएगा।
कौन सी फाइल कहां रखी है यह समीक्षा अधिकारियों को ही पता होता है। नए कर्मचारियों को कुछ दिन विभाग को समझने में ही लगेगा।