अयोध्या में मुठभेड़ के दौरान महंत की हत्या का आरोपी के पैर में लगी गोली, गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हनुमानगढ़ी के गुलचमन बाग के महंत कन्हैया दास की हत्या में शामिल एक और शातिर अपराधी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस से हुई मुठभेड़ में इस शातिर अपराधी के दाहिने पैर में गोली भी लगी है। बिहार का यह शातिर अपराधी चारी छुपे अयोध्या के एक मोहल्ले में किराए के मकान में रह रहा था। मुख्य आरोपी शशिकांत दास उर्फ गोलू ने उसे एक लाख रुपये व एक दुकान का लालच देकर हत्या में शामिल किया था। शशिकांत दास ने उसे 50 हजार एडवांस दिए थे। हत्या करते समय गोशाला में अखिलेश भी मौजूद था। पुलिस ने आरोपी के ऊपर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था।
अयोध्या कोतवाली के हनुमानगढ़ी से जुड़े गुलचमन बाग के महंत कन्हैया दास की चरणपादुका स्थित गोशाला में 3/4 अप्रैल की रात में ईंट से कूंचकर हत्या कर दी गई थी। मामले में मृतक महंत के गुरुभाई रामानुज दास ने आश्रम में ही रहने वाले शशिकांत दास उर्फ गोलू पर संपत्ति के विवाद में हत्या करने का केस दर्ज कराया था। वहीं, पुलिस को विवेचना के दौरान हत्या में शशिकांत के अलावा पांच अन्य लोगों के शामिल होने की बात प्रकाश में आई थी। पूर्व में पुलिस ने शशिकांत व उसके भाई अंश मिश्रा को गिरफ्तार भी कर लिया था।
अन्य आरोपियों की तलाश कर रही अयोध्या कोतवाली प्रभारी अशोक सिंह व स्वॉट टीम के प्रभारी रतन कुमार शर्मा की टीम को गुरुवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या में शामिल एक और आरोपी अखिलेश सिंह निवासी बाघी थाना मुफ्फसिल जनपद समस्तीपुर, बिहार गुरुवार रात बाइक से अयोध्या आएगा। सूचना के आधार पर पुलिस व स्वॉट टीम ने अयोध्या से भरतकुंड मार्ग पर लठियहवां बहद ग्राम सरेठी के पास स्थित छोटी नहर के पास घेराबंदी की। बाइक पर शुक्रवार भोर में करीब 3:15 बजे एक युवक आता देख पुलिस ने जब उसे रोका तो उसने पिस्टल से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक पिस्टल, पांच कारतूस व एक बिना नंबर की बाइक बरामद की है।
एसएसपी शैलेश पांडेय ने बताया कि मुठभेड़ में गिरफ्तार आरोपी बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला है। उसका आपराधिक इतिहास भी है। वह अपनी पहचान छुपाकर अयोध्या के लवकुश नगर कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था। बिहार स्थित अपने गांव के जिला पार्षद के बेटे नवनीत कुमार की हत्या का आरोपी है। जिसमें वह फरार चल रहा था। उसके आपराधिक इतिहास के बारे में पता किया जा रहा है। बताया कि मामले छह आरोपियों में तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है, शेष की तलाश जारी है।