कल तिरंगा बनाकर मतदान जागरुकता का संदेश देंगे बच्चे, पोस्टर प्रदर्शनी का भी होगा आयोजन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी लखनऊ के मतदाताओं को जागरुक करने के लिए स्कूली बच्चे आगे आए हैं। ये बच्चे आठ अप्रैल को हजारों की संख्या में जुटेंगे, तिरंगा बनाएंगे और शहरवासियों से लोकसभा चुनाव में शत प्रतिशत भागीदारी करने की अपील करेंगे।
साथ ही अपने परिवारीजनों को मतदान के महापर्व वाले दिन बूथ तक भेजने का संकल्प भी लेंगे। अपने तरह के इस अनूठे विशाल समारोह का गवाह बनेगा आशियाना स्थित स्मृति उपवन का मैदान।
समारोह का आयोजन ‘अमर उजाला’ अपने सामाजिक सरोकारों की मुहिम को आगे बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन के साथ मिलकर कर रहा है। कार्यक्रम में जुटने वाले बच्चे सिर पर अलग-अलग रंगों की टोपियां पहन कतारबद्ध खड़े होकर देश के तिरंगे झंडे का विहंगम दृश्य प्रस्तुत करेंगे। इसी तिरंगे के साथ लखनऊवासियों से आगामी छह मई को मतदान की अपील की जाएगी।
बच्चे मतदान दिवस पर अपने परिवारीजनों व परिचितों को हर हाल में मतदान केंद्र तक पहुंचाने की शपथ लेंगे। कार्यक्रम में देश भक्ति का जज्बा भरने और लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करने वाली गीत संगीत की प्रस्तुतियां भी होंगी।
निर्वाचन आयोग व विभिन्न विभागों के अधिकारी भी रहेंगे मौजूद
इस दौरान बच्चों का उत्साहवर्धन करने के लिए निर्वाचन आयोग व विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों संग कई विशिष्टजन भी जुटेंगे। आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों संग जिले का माध्यमिक शिक्षा विभाग विशेष रूप से जुटा है।
कार्यक्रम के दौरान ही स्कूली बच्चों के लिए चुनावी जागरूकता से जुड़ी एक पोस्टर प्रदर्शनी का भी आयोजन होगा। इसमें बच्चे मतदान की जागरूकता से जुड़े चित्र बनाने के साथ ही स्लोगन लेखन करेंगे। उत्कृष्टता के आधार पर श्रेष्ठ पोस्टर बनाने वाले बच्चों को सम्मानित भी किया जाएगा।