विहिप बोली, ‘यादव जी! अयोध्या में ईंट नहीं शिलाखंड रखेंगे’
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विश्व हिंदू परिषद और अयोध्या के संत धर्माचार्यों ने सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। कहा कि हिंदू समाज श्री रामजन्मभूमि स्थल पर भव्य मंदिर निर्माण के लिए संकल्पबद्ध है।
जहां तक सपा नेता शिवपाल सिंह यादव के श्रीराम जन्मभूमि स्थल पर एक ईंट तक न रखने देने की चेतावनी का सवाल है तो वह जान लें कि हिंदू समाज वहां ईंट नहीं बल्कि बड़ी-बड़ी शिलाएं रखने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए दिन और मुहूर्त निश्चित है। जिस दिन मुहूर्त आ जाएगा उस दिन निर्माण शुरू हो जाएगा।
श्रीराम जन्मभूमि न्यास के सदस्य महंत सुरेश दास ने शनिवार को कहा कि श्रीराम जन्मभूमि पर विराजमान रामलला को दुनिया की कोई ताकत अब वहां से नहीं हटा सकती है। वहां मंदिर था, है और रहेगा। महंत कन्हैया दास ने कहा कि राम लला के मंदिर की भव्यता के लिए संत प्राणों का होम करने के लिए सदैव तैयार हैं।
हिंदुओं की आस्था को रौंदने वाले होते हैं व्यथित
महामंडलेश्वर प्रेम शंकर दास ने कहा है कि अयोध्या राम की है और रामलला की जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण हिंदुओं की आस्था श्रद्धा और विश्वास से जुड़ा है।
आस्था को रौंदने वाले तथाकथित सेक्युलर पार्टी के नेता राम की चर्चा होते ही व्यथित हो उठते हैं।
वोटों के लिए पीटी जा रही डुगडुगी
विहिप के मीडिया प्रभारी शरद शर्मा ने कहा कि शिवपाल यादव हों या उनके भ्राता या फिर उनके आका सभी मात्र वोटों के लिये अपनी डुगडुगी पीटने मे सक्रिय हैं।
अयोध्या में रामजन्म भूमि न्यास द्वारा मंदिर निर्माण के लिए पत्थरों की नक्काशी का कार्य लगातार 1990 से चल रहा है। वोटों के सौदागर इससे डर गए हैं।
चुनाव के मद्देनजर उठाया जा रहा मंदिर मुद्दा: आजम
प्रदेश के नगर विकास मंत्री आजम खां ने कहा कि विहिप और आरएसएस के सामने न तो राम हैं और न ही रामराज। उनके सामने 2017 का यूपी विधानसभा का चुनाव है।
इसी को लेकर यूपी और देश का माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है। शनिवार रात लखनऊ से रामपुर पहुंचे आजम खां ने रेलवे स्टेशन पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि भाजपा के 17 मंत्री यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर यहां डेरा डालने वाले हैं। इसका कोई फायदा नहीं है। मैंने रामपुर में शौकत अली रोड पर एक जिम बनवा दिया है।
भाजपा के मंत्री यहां आएं, कसरत करें, बॉडी बिल्डिंग करें। एक दांव हमसे भी सीखें। सपा नेता भुक्कल नवाब के राम मंदिर को लेकर दिए गए बयान पर आजम खां ने कहा कि उन्होंने व्यंग्य किया है। ये मामला कोर्ट में विचाराधीन है।