वरुण गांधी का मौजूदा राजनीति पर हमला, कहा- झूठ बोलने की नौबत आई तो छोड़ दूंगा पॉलिटिक्स
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा सांसद वरुण गांधी ने मंगलवार को बड़े सधे अंदाज में मौजूदा राजनीति पर हमला बोला। अलीगंज में चौपाल को संबोधित करते हुए कहा कि जब मुझे लगेगा की झूठ बोलकर व धोखा देकर राजनीति करनी पड़ेगी तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा। मैं राजनीति में देश का मान बढ़ाने के लिए आया हूं। मैं जिले का नाम पूरे देश में रोशन करना चाहता हूं।
सांसद ने कहा कि राजनीति में गैर बराबरी की कोई जगह नहीं है। मैं चाहता हूं कि हमारे बच्चों एवं आम लोगों के बच्चों में बराबरी हो। सभी के बच्चों के शिक्षा का स्तर भी बराबर हो। मेरी राजनीति का लक्ष्य अगली पीढ़ी को खड़ा करना है। मैंने अपना वेतन नहीं लेने का वादा किया था। अपने वेतन से गरीबों का घर बनवाया, रिक्शा, ठेला व महिलाओं को सिलाई मशीन देकर लोगों को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया है।
महात्मा गांधी, आचार्य विनोबा भावे व पं. दीनदयाल उपाध्याय को प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि हमें समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन में खुशहाली लानी है। मैं वोट मांगने नहीं बल्कि लोगों से रिश्ता बनाने एवं उसे गहरा करने आया हूं। स्वच्छता का संदेश देते हुए वरुण गांधी ने लोगों से पन्नी व प्लास्टिक के उपयोग से बचने की सलाह भी दी।
इच्छा जताई कि लोग त्योहारों, बर्थडे एवं अन्य खुशी के मौकों पर फलदार पौधे लगाकर धरती को स्वच्छ एवं सुंदर बनाएं। धरती मां को सपनों का हिंदुस्तान बनाना है।
...लगता है कि देवी ऊपर से प्रसाद की वर्षा कर रही हैं
उन्होंने सभा में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं युवाओं के पहुंचने पर उनकी प्रशंसा की। कहा कि जिस सभा में महिलाएं पहुंचती हैं लगता है देवी ऊपर से प्रसाद की वर्षा कर रही हैं। गणेशगंज में उन्होंने आम व नीम का पौधा भी रोपा। इसौली विधानसभा क्षेत्र के सुरेशनगर, महाकालेश्वर, वरासिन समेत 13 चौपालों में हिस्सा लेने के बाद सांसद वरुण गांधी जयसिंहपुर के अमदेवा गांव पहुंचे।
वहां उन्होंने अभी हाल में बिजली गिरने से तीन बच्चों की हुई मौत के बाद मृतकों के परिवारीजनों से मिलकर शोक संवेदना जताई। इसके पहले लखनऊ से सड़क मार्ग से होते हुए अलीगंज पहुंचने पर सांसद का पूर्व जिलाध्यक्ष करुणा शंकर द्विवेदी, सीताशरण त्रिपाठी, सुशील त्रिपाठी, संदीप प्रताप सिंह, प्रवीण अग्रवाल, संदीप मिश्र, संतबक्श सिंह ने स्वागत किया।