कोरोना के नए स्ट्रेन की टेस्टिंग के लिए प्रयोगशालाओं को अपडेट करें: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि कोरोना के नए स्ट्रेन को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए। उन्होंने नए स्ट्रेन की टेस्टिंग के लिए प्रयोगशालाओं को अपडेट करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री बुधवार को लोक भवन में उच्चस्तरीय बैठक में अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए प्रतिबद्ध है। कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए सुनिश्चित किया जाए कि कोविड-19 की मेडिकल टेस्टिंग पूरी क्षमता से की जाए। इसके लिए प्रतिदिन पर्याप्त संख्या में आरटीपीसीआर तथा रैपिड एंटीजन टेस्ट किए जाएं।
नए स्ट्रेन की टेस्टिंग के संबंध में प्रयोगशालाओं को आवश्यक उपकरणों व सुविधाओं से लैस करने के लिए प्राथमिकता पर आवश्यक प्रबन्ध किए जाएं। उन्होंने कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग तथा सर्विलांस कार्य को पूरी सक्रियता से संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
जिला स्तर पर सक्रिय किया जाए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंन्ट्रोल सेंटर
सीएम योगी ने कहा कि जिला स्तर पर इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंन्ट्रोल सेंटर को सक्रिय रखा जाए। सभी डीएम व सीएमओ प्रतिदिन सुबह कोविड चिकित्सालय में तथा सायंकाल इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में बैठक आयोजित कर कार्रवाई की समीक्षा करें।
उन्होंने कहा कि कोविड-19 से बचाव के संबंध में लोगों को निरन्तर जागरूक किया जाए। प्रचार माध्यमों सहित पब्लिक एड्रेस सिस्टम द्वारा जन-जागरूकता के प्रयास निरंतर जारी रखे जाएं।
उन्होंने कहा कि आगामी 10 जनवरी से मुख्यमंत्री आरोग्य मेलों का पुन: आयोजन किया जा रहा है। आरोग्य मेला प्रदेश के सभी ग्रामीण तथा शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आरोग्य मेले में लोगों को कोविड-19 से बचाव के सम्बन्ध में जागरूक किया जाए।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। योजना के पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने की व्यवस्था भी मेले में की जाए। उन्होंने मेले के आयोजन की सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं।