यूपी: डांडिया महोत्सव में गेस्ट बनने वाली थी श्रद्धा दुबे, पोस्टर वायरल; राजनीति में भी किस्मत आजमाने की चर्चा
कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे का डांडिया महोत्सव में वीवीआईपी अतिथि बनने का पोस्टर वायरल हुआ है। पोस्टर की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। श्रद्धा के राजनीति में किस्मत आजमाने और मॉडलिंग करियर की भी चर्चा है। पुलिस मामले में श्रद्धा, आमिर और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
विस्तार
कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे का एक पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पोस्टर में श्रद्धा को डांडिया महोत्सव में वीवीआईपी गेस्ट के रूप में आमंत्रित किए जाने का दावा किया गया है। पोस्टर के मुताबिक, अवध शिल्पग्राम में 16, 17 और 18 अक्टूबर को तीन दिवसीय महोत्सव आयोजित होना था।
हालांकि, कार्यक्रम में श्रद्धा के शामिल होने से पहले ही शिवा शर्मा की मौत का मामला सामने आ गया और इसमें श्रद्धा का नाम आरोपी के तौर पर सामने आया। पोस्टर पर श्रद्धा की बड़ी तस्वीर लगाई गई है। आयोजन एक निजी कंपनी की ओर से कराया जाना बताया गया है। हालांकि, किसी पुलिस अधिकारी ने पोस्टर की सत्यता की पुष्टि नहीं की है।
आमिर की भूमिका की भी जांच
शिवा शर्मा की मौत के मामले में आमिर भी नामजद आरोपी है। श्रद्धा से उसके संबंधों को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आमिर श्रद्धा का पूर्व प्रेमी था और उसके मैनेजर व ड्राइवर के तौर पर भी काम करता था। वह पुराने इलेक्ट्रॉनिक सामान की खरीद-फरोख्त से भी जुड़ा था।
सूत्रों के अनुसार, कुछ महीने पहले आमिर ने श्रद्धा से दूरी बना ली थी। नौ अक्टूबर को श्रद्धा ने उसे फोन कर घर बुलाया था। इसके बाद श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि और चालक दानिश के साथ आमिर के भी लखनऊ छोड़ने की बात सामने आई। बताया जा रहा है कि श्रद्धा को नेपाल सीमा पार कराने में आमिर की भूमिका थी। नेपाल में उसे सिमकार्ड उपलब्ध कराने के बाद आमिर लखनऊ लौट आया और फिर दिल्ली चला गया। इन दावों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
राजनीति में भी किस्मत आजमाने की चर्चा
रायबरेली के एक मोहल्ले से निकलकर श्रद्धा दुबे के हाईप्रोफाइल लोगों के बीच पहुंचने की कहानी भी चर्चा में है। बताया जाता है कि वर्ष 2016 में उसने राजनीति में किस्मत आजमाने की कोशिश की थी, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद उसने मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा।
बताया जाता है कि वह करीब एक साल तक एक राजनीतिक पार्टी से जुड़ी रही और चुनाव लड़ने की इच्छा भी रखती थी। वर्ष 2017 के बाद उसने राजनीति से दूरी बना ली और मॉडलिंग पर ध्यान देना शुरू किया। वर्ष 2018 और 2019 में उसने कई फोटोशूट कराए। वर्ष 2020-21 के दौरान उसने मॉडलिंग की दुनिया में पहचान बनाई और विभिन्न डिजाइनरों के लिए रैंप वॉक किया। कुछ सोशल मीडिया पोस्ट में वह ज्वेलरी ब्रांड के लिए मॉडलिंग करती भी नजर आई।
शादी के बाद लखनऊ लौटी थी श्रद्धा
जानकारी के मुताबिक, श्रद्धा की शादी वर्ष 2010 के आसपास प्रतापगढ़ निवासी लोकेश पांडेय से हुई थी। लोकेश हैदराबाद की एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे। शादी के बाद श्रद्धा भी उनके साथ हैदराबाद चली गई, लेकिन करीब एक साल बाद दोनों के बीच अनबन हो गई।
इसके बाद वह पति से अलग होकर लखनऊ आ गई। वर्ष 2022 में तलाक के बाद वह लखनऊ में रहने लगी। फिलहाल कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में पुलिस जांच जारी है। श्रद्धा दुबे और अन्य आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले से जुड़े तथ्यों और घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।