सरकारी नौकरी पाने का एक और मौका, बढ़ाए जाएंगे ये पद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजस्व विभाग में पदों की कमी दूर कर कर्मियों पर काम का बोझ घटाने को सरकार ने लेखपालों के पांच हजार पद बढ़ाने के बाद अब राजस्व निरीक्षकों की तैनाती का अनुपात भी बदलने का फैसला किया है।
राजस्व परिषद ने 1:10 के नए अनुपात से राजस्व निरीक्षकों की तैनाती के लिए 590 पदों के सृजन की संस्तुति शासन से की है। प्रदेश में 20 लेखपाल पर एक राजस्व निरीक्षक की तैनाती की व्यवस्था है।
शासन ने पिछले साल लेखपाल संघ के आंदोलन के बाद 27 फरवरी को राजस्व से जुड़े सभी सरकारी कार्यों को तेजी से निपटाने के लिए राजस्व निरीक्षकों के 1308 नए पद सृजित करने का फैसला किया था।
इसके अलावा, राजस्व निरीक्षक व लेखपाल के पदों का अनुपात 1:10 करने का निर्णय किया था। शासन ने जब यह फैसला किया था उस समय लेखपालों के पदों की संख्या 27237 थी। इसके बाद लेखपालों के 5000 पद और सृजित कर दिए गए।
लेखपाल के अनुपात में ही बढ़ाए जाएंगे कानूनगो
इससे लेखपालों की संख्या बढ़कर 32237 पहुंच गई। इससे 1:10 के अनुपात पर 32237 लेखपालों के सापेक्ष कुल 3224 राजस्व निरीक्षक के पदों की जरूरत हो गई।
राजस्व परिषद के आयुक्त व सचिव धीरज साहू ने नए अनुपात के हिसाब से राजस्व निरीक्षकों के 590 पदों के सृजन का प्रस्ताव शासन को भेजा है।
जानकार बताते हैं कि यह प्रस्ताव राजस्व परिषद के चेयरमैन अनिल कुमार गुप्त की अध्यक्षता वाली फुल बोर्ड की मीटिंग में लिए गए फैसले के आधार पर भेजा गया है। लेखपाल संघ के महामंत्री अवधेश सिंह चौहान ने शासन से जल्द पदों के सृजन की मांग की है।
प्रदेश को 74 नए नायब तहसीलदार मिले
राजस्व परिषद ने 74 नए नायब तहसीलदारों की 55 जिलों में पोस्टिंग कर दी है। परिषद के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ये नायब तहसीलदार राज्य लोक सेवा आयोग से चयनित होकर आए थे। इन्हें राजा टोडरमल सर्वेक्षण व भूलेख प्रशिक्षण संस्थान हरदोई में प्रशिक्षण दिया जा रहा था। इन्होंने प्रशिक्षण के बाद अर्हकारी परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है।