यूपी: दिवाली पर सड़क पर होंगी चार हजार अतिरिक्त बसें, ड्राइवर-कंडक्टर की छुट्टियां रद्द, पर कमाएंगे पैसे
Roadways buses on Diwali: दिवाली पर लोगों को घर जाने और लौटने में दिक्कत न हो इसके लिए परिवहन विभाग त्योहारों पर चार हजार अतिरिक्त बसें चलाएगा। साथ ही ड्राइवर-कंडक्टर एक्सट्रा कमाई भी करेंगें।
विस्तार
दीपावली पर यात्रियों की आवाजाही आसान करने के लिए रोडवेज प्रशासन 4000 अतिरिक्त बसें चलाएगा। इन बसों को जरूरत के हिसाब से रूटों पर उतारा जाएगा। इस संबंध में एमडी मासूम अली सरवर ने अधिकारियों को बसों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। एमडी ने बताया कि दीपावली पर यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली से लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, अयोध्या के लिए अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। दिल्ली से आने वालों की संख्या ज्यादा होती है, ऐसे में इस रूट पर अधिक बसें चलाई जाएंगी। अभी रोडवेज के बेड़े में 11 हजार बसें हैं, अतिरिक्त बसों के चलने से इनकी संख्या 15 हजार हो जाएगी। उन्होंने सभी सेवा प्रबंधकों और फोरमैन को बसों को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं जिससे यात्रियों को कोई असुविधा न हो।
दिवाली से छठ तक चालकों-परिचालकों को रोजाना अतिरिक्त मिलेंगे 350 रुपये
सरकार ने दिवाली व छठ पर्व तक रोडवेज चालकों-परिचालकों को बस संचालन पर 350 रुपये रोजाना अतिरिक्त देने का फैसला किया है। परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने 29 अक्तूबर से 10 नवंबर तक के लिए इस प्रोत्साहन राशि की घोषणा की है। परिवहन मंत्री ने इस अवधि में रोडवेज बसों को शत-प्रतिशत चलाने के भी निर्देश दिए हैं। कहा, दीपावली से छठ पर्व तक विशेष परिस्थितियों को छोड़कर अधिकारियों व कर्मचारियों को छुट्टी न दें। कार्मिकों की ड्यूटी रोस्टर से लगाएं। उन्होंने प्रवर्तन दलों के प्रभारियों को भी क्षेत्रों में निकलकर जांच के निर्देश दिए। कहा, चालकों-परिचालकों का ब्रेथ एनेलाइजर टेस्ट भी कराएं। एमडी मासूम अली सरवर ने बताया कि प्रोत्साहन राशि का लाभ संविदा व आउटसोर्सिंग कर्मियों को भी मिलेगा।
एकमुश्त मिलेंगे 4200 रुपये
चालकों-परिचालकों को न्यूनतम 12 दिवसों में उपस्थित होकर दैनिक रूप से निर्धारित औसत 300 किमी. प्रतिदिन का संचालन करना होगा। तभी उन्हें 350 रुपये रोजाना की दर से एकमुश्त 4200 रुपये का विशेष प्रोत्साहन भत्ता मिलेगा। अगर कर्मचारी 13 दिन की पूर्ण प्रोत्साहन अवधि तक कुल ड्यूटी मानकों के अनुरूप करते हैं तो उन्हें 400 रुपये प्रति दिवस की दर से प्रोत्साहन राशि 5200 रुपये दिए जाएंगे। प्रोत्साहन अवधि में 13 दिन लगातार ड्यूटी करने वाले कार्यशाला के कर्मचारियों को एकमुश्त 2100 रुपये व 12 दिन ड्यूटी करने वालों को 1800 रुपये प्रोत्साहन मिलेगी। क्षेत्रीय प्रबंधकों को 10,000 रुपये और सेवा प्रबंधकों को 5,000 रुपये दिए जाएंगे।