यूपी डीजीपी ने पुलिस वालों के साथ ढाबे पर खाया खाना, मेन्यू में रहे ये आइटम, तस्वीरें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के सभी जिलों से आए पुलिसकर्मियों के साथ रविवार दोपहर डीजीपी ओमप्रकाश सिंह ने ढाबे पर खाना खाया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों के मन की पीड़ा सुनी और निराकरण का आश्वासन दिया। डीजीपी ने कहा उनके लिए अधिकारी से लेकर सिपाही तक सभी एक हैं। चुनौतियों का सामना करने के लिए सभी कटिबद्ध हैं। प्रदेश के एक-एक पुलिसकर्मी पर उन्हें गर्व हैं।
सीतापुर रोड पर बीकेटी के नंदना गांव स्थित एक ढाबे पर जब डीजीपी का काफिला अचानक रुका तो आसपास के लोगों सकते में आ गए। उन्हें लगा कि शायद यहां कोई बड़ी वारदात हो गई। हालांकि कुछ देर बाद हालात सामान्य हो गए। ढाबे पर 75 जिलों से चिह्नित होकर आएं पुलिसकर्मी और दो सर्किल की फोर्स पहले से ही पहुंच चुकी थी। डीजीपी के कार से निकलते ही लगातार सलामी का दौर चला। इसके बाद दस्तरखान पर मुखिया, अधिकारी और पुलिसकर्मियों ने एक साथ बैठकर लजीज व्यंजनों का लुत्फ लिया।
महिला पुलिसकर्मियों को गश्त के लिए मिले स्कूटी
झांसी की महिला आरक्षी पूजा सचान ने पुलिस विभाग में चीता सहित अन्य बाइक सेवाओं की तरह महिला पुलिसकर्मियों के लिए स्कूटी से गश्त शुरू कराने की मांग की। वहीं, सीतापुर से आए कांस्टेबल रवि वर्मा ने सभी जिलों में इनामी बदमाशों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाने का सुझाव दिया। मुजफ्फरनगर के कुलवंत मालिक ने डीजीपी से सभी को प्रशस्ति पत्र देने की मांग की।
हाथरस के शैलेश कुमार ने इस पहल की सराहना करते हुए आगे भी ऐसे ही आयोजन करने की बात कही। एटा के अतुल वर्मा ने बेहतर परिवहन सुविधा देने की मांग की। वहीं, कौशांबी के रितु पाल सिंह ने तबादले में पुलिसकर्मियों की इच्छा को भी महत्व देने की बात रखी। डीजीपी ने इन सुझावों के लिए सरकार से बातचीत के बाद लागू करने का आश्वासन दिया।
सेल्फी के लिए लगी होड़
भले ही पुलिस अनुशासन का विभाग कहा जाता है, लेकिन जब सूबे का मुखिया साथ में एक ही दस्तरखान पर हो तो सहकर्मियों में कुछ उत्साह आ ही जाता है। ढाबे पर खाने के दौरान ऐसे कई मौके आए जब पुलिसकर्मियों ने अपने मुखिया के साथ सेल्फी न ली हो। डीजीपी ने भी कुछ पुलिसकर्मियों का मोबाइल खुद लेकर सेल्फी खींची फिर उन्हें वापस कर दिया। ढाबे पर सभी के लिए थाली में अरहर की दाल, बेसन व गेहूं की रोटी, पनीर और आलू मटर की सब्जी थी।
परोसी गई मशहूर मेवा खीर
खाने के बाद ढाबे की मशहूर मेवा खीर परोसी गई। इसी खीर की मिठास के साथ ही दो घंटे बाद सभी ने यहां से विदाई ली। इस दौरान डीजी टेलीकॉम पीके तिवारी, एडीजी 100 डायल आदित्य मिश्र, एडीजी 1090 संजय सिंघल, आईजी रेंज सुजीत कुमार पांडेय, एसएसपी कलानिधि नैथानी, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण गौरव ग्रोवर, सीओ बीकेटी रामकुमार शुक्ला, सीओ अलीगंज दीपक कुमार सिंह समेत दर्जनों पुलिसकर्मी व अधिकारी मौजूद थे।