यूपी: डिप्टी सीएम केशव बोले- शंकराचार्य के चरणों में प्रणाम, विरोध खत्म कर करें स्नान; अभद्रता की होगी जांच
Deputy CM Keshav Maurya: यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के साथ प्रशासन द्वारा अभद्रता को लेकर जांच की बात कही है।
विस्तार
प्रयागराज मेला में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के साथ प्रशासन द्वारा अभद्रता को लेकर सियासी पारा गरम है। इस मुद्दे पर उठे विवाद के बीच उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से विवाद को समाप्त करते हुए स्नान करने की प्रार्थना की है। साथ ही स्वामी जी के साथ अभद्रता करने वाले अफसरों पर कार्रवाई के मामले में उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। अगर कोई दोषी होगा कार्रवाई भी होगी।
अविमुक्तेश्वरानंद से हुए विवाद से जुड़े सवाल का जवाब देते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का यह संस्कार नहीं है कि वह किसी भी संत का अनादर करे। उन्होंने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को प्रणाम करते हुए अनुरोध किया है कि वह अपना विरोध खत्म करके संगम में स्नान करें। उन्होंने संतों के साथ अभद्रता की शिकायतों की गहराई से जांच कराई जाएगी, इसके बाद दोषी लोगों पर कार्रवाई भी होगी।
वहीं सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि शंकराचार्य को माननेवाला हर व्यक्ति दुखी है और सनातन के अपमान से भावनाएं बुरी तरह आहत हुईं हैं। तंज कसते हुए अखिलेश ने कहा कि अधर्मी भाजपाई और उनके सत्ता लोलुप संगी-साथी हर तरह की सत्ता पर क़ाबिज़ होना चाहते हैं, इसीलिए उनसे भी कागज मांग रहे हैं, जिनकी सनातनी परंपरा तब से चली आ रही है, जब काग़ज़ की उत्पत्ति भी नहीं हुई थी।
उन्होंने कहा कि भाजपाइयों का ‘सनातन के समापन’ का सपना कभी पूरा नहीं होगा। चाहे प्रयागराज में ‘संतों-साधुओं-महात्माओं’ के अपमान का मामला हो या काशी में पूज्य अहिल्या देवी होल्कर की धरोहर के अपमानजनक ध्वस्तीकरण का, ये सब ‘सनातनी परंपरा’ को खत्म करने की भाजपाई संगी-साथियों की गहरी साज़िश है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि अब जनता जाग रही है और भाजपा सरकार के विरोध में खुलकर बोल रही है। भाजपा का मायावी रूप अब सबके सामने आ गया है और अब भाजपा पतन से अंत की ओर है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.