यूपी सिपाही भर्ती: कुछ ऐसा होगा परीक्षा प्रारूप, दो घंटे में हल करने होंगे 150 सवाल; जानिए जनरल-ओबीसी का कटऑफ
UP Constable Recruitment Exam: जून में आठ से दस जून के बीच होने वाली सिपाही भर्ती परीक्षा का प्रारूप जारी हो गया है। इस परीक्षा में 150 सवाल होंगे।
विस्तार
प्रदेश पुलिस में 32,679 सिपाही एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती के लिए आगामी 8, 9 और 10 जून को होने वाली लिखित परीक्षा ओएमआर आधारित होगी। परीक्षा में चार विषयों से संबंधित 150 प्रश्न पूछे जाएंगे, जो 300 अंक के होंगे। अभ्यर्थियों को दो घंटे के भीतर प्रश्न पत्र पूरा करना होगा। उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने बृहस्पतिवार को लिखित परीक्षा की प्रक्रिया का प्रकाशन एवं ओएमआर उत्तर पत्रक भरने संबंधी दिशा-निर्देश जारी कर दिया।
जानिए अलग-अलग वर्गो का कटऑफ
भर्ती बोर्ड के परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि परीक्षा में सामान्य ज्ञान, सामान्य हिंदी, संख्यात्मक एवं मानसिक योग्यता के साथ मानसिक अभिरुचि, बुद्धिलब्धि एवं तार्किक क्षमता से संबंधित सवाल पूछे जाएंगे। प्रत्येक सही उत्तर के लिए दो अंक मिलेंगे। परीक्षा में उत्तीर्ण होने के लिए अनारक्षित अभ्यर्थियों को न्यूनतम 30 प्रतिशत, ईडब्ल्यूएस के लिए 25 प्रतिशत, ओबीसी के लिए 25 प्रतिशत और एससी-एसटी अभ्यर्थियों को 20 फीसद अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा। ओएमआर उत्तर पत्रक भरने में किसी भी त्रुटि के लिए अभ्यर्थी स्वयं जिम्मेदार होगा।
पत्रक हो जाएगा अमान्य
ओएमआर उत्तर पत्रक भरने में किसी भी त्रुटि के लिए अभ्यर्थी स्वयं जिम्मेदार होगा। साथ ही उस पर अलग से कुछ लिखने या अंकित करने पर उत्तर पत्रक को अमान्य कर दिया जाएगा। परीक्षा तीन दिन में छह पालियों में आयोजित की जाएगी, जिसके प्रश्न पत्र अलग-अलग होंगे। अंकों के प्रसामान्यीकरण (नार्मलाइजेशन) की प्रक्रिया नियमों के मुताबिक अपनाई जाएगी। यदि कोई प्रश्न या उसका उत्तर विकल्प त्रुटिपूर्ण पाया जाता है तो उसे निरस्त कर दिया जाएगा। निरस्त प्रश्न के अंकों का वितरण इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा स्थापित व्यवस्था के अनुसार किया जाएगा। अभ्यर्थी इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए बोर्ड की वेबसाइट का अवलोकन कर सकते हैं।