असम की महिला का फोटो फेसबुक पर डालने के मामले में आया यूपी सरकार का जवाब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी सरकार के प्रवक्ता ने असम की महिला का पोस्ट डालने का खंडन किया है। सरकार की तरफ से जारी किए गए पत्र में बताया गया कि मुख्यमंत्री के नाम से फेसबुक पर डाली गई पोस्ट पूरी तरह से असत्य और आधारहीन है। प्रदेश सरकार की तरफ से फेसबुक पर संपर्क किए जाने के बाद उस पोस्ट को भी हटा दिया गया।
प्रवक्ता की तरफ से ये भी जानकारी दी गई कि मुख्यमंत्री के फर्जी अकाउंट से किए गए उस पोस्ट को सरकार ने काफी गंभीरता से लिया है। छानबीन में पता चला कि वो पोस्ट असम से की गई थी। इस मामले में असम पुलिस से संपर्क करके दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात की गई है।
वहीं असम पुलिस ने जानकारी दी है कि पनबाजार में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ समाज में कटुता और वैमनस्य बढ़ाने के जुर्म मे अभियोग दर्ज करके विवेजना शुरू कर दी गई है।
ये था मामला
असम की एक आदिवासी युवती लक्ष्मी ओरंग ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और तेजपुर के भाजपा सांसद आरपी शर्मा के खिलाफ मानहानि का दावा करने का फैसला लिया था।
दरअसल आदित्यनाथ के नाम वाले एक फेसबुक अकाउंट से जारी दस साल पुरानी एक तस्वीर में इस युवती को निर्वस्त्र दिखाया गया है। इससे राज्य में विवाद पैदा हो गया।
कई आदिवासी संगठनों ने इसके विरोध में सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन किया और योगी व भाजपा सांसद के पुतले जलाए थे।
इस मामले में अखिल असम आदिवासी छात्र संघ ने चराईदेव जिले के मोरानहाट थाने में योगी के खिलाफ एक प्राथमिकी भी दर्ज करा दी थी।
उक्त फेसबुक पोस्ट में लिखा गया है कि बंगाल में भाजपा के समर्थन में नारे लगाने वाली एक हिंदी भाषी महिला को कांग्रेसियों ने निर्वस्त्र कर दिया।
आदिवासी संगठनों ने इस मामले की जांच की मांग की है। असम के पुलिस महानिदेशक मुकेश सहाय ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
तस्वीर में नजर आने वाली युवती ने कहा कि वे जल्दी ही अदालत में मानहानि का दावा करेंगी। उन्होंने कहा कि 10 साल पहले कांग्रेस राज में उनके कपडे़ फाडे़ गए और अब भाजपा के नेताओं ने एक बार उनको सरेआम निर्वस्त्र कर दिया है।
उन्होंने पार्टी पर ओछे राजनीतिक फायदे के लिए इस तस्वीर का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। तेजपुर के भाजपा सांसद ने भी इस पोस्ट का समर्थन किया था। लेकिन विवाद बढ़ने के बाद उनका फेसबुक अकाउंट गायब हो गया है।