हाईकोर्ट का डंडा चलते ही एक से 17 हो गईं डेंगू से मौतें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हाईकोर्ट का डंडा चला तो डेंगू को लेकर अब तक बोले जा रहे स्वास्थ्य विभाग की झूठ की परतें उधड़ने लगीं। यह सच सीएमओ की जॉइंट एक्शन कमेटी और डेथ ऑडिट टीम की रिपोर्ट में सामने आया।
टीम ने बृहस्पतिवार शाम सात बजे तक डेंगू से 17 मरीजों के मौत की जानकारी जुटा ली थी। अब तक स्वास्थ्य विभाग डेंगू से सिर्फ एक मौत का दावा कर रहा था। वहीं निजी अस्पतालों में बारह हजार से अधिक डेंगू मरीज होने की बात भी सामने आई है।
डेंगू से पहली मौत 30 जुलाई को रालोद नेता मुन्ना सिंह चौहान की हुई लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने इसे मल्टी ऑर्गन फेल्योर बता दिया। इसके बाद डेंगू काल बनकर फैला और छह अक्तूबर तक 165 मरीजों की जान जा चुकी थी।
इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग ने इन्हें डेंगू से मौत मानने से इन्कार कर दिया। बुधवार को हाईकोर्ट ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सही आंकड़े लेकर सात तारीख को कोर्ट में पेश होने और सुधार न होने पर नतीजा भुगतने की चेतावनी दी।
इसके बाद आननफानन में सीएमओ ने जॉइंट एक्शन कमेटी गठित कर दी। बुधवार देर शाम सीएमओ की तीन सदस्यीय छह टीमें शहर के प्राइवेट अस्पतालों की खाक छानने निकलीं तो मौतों का सच सामने आने लगा।
इसके साथ ही डेंगू मरीजों का आंकड़ा भी पांच गुनी तेजी से बढ़ा। आठ एसीएमओ और चार डिप्टी सीएमओ की टीम ने बुधवार शाम से बृहस्पतिवार शाम तक 26 प्राइवेट अस्पतालों का दौरा किया तो उन्हें डेंगू के रिकॉर्ड तोड़ मरीज मिले।
कोर्ट ने मांगी विस्तृत रिपोर्ट
डेथ ऑडिट टीम के सदस्य एसीएमओ डॉ. सईद अहमद, डॉ. बीके यादव, डॉ. आनंद त्रिपाठी की रिपोर्ट के अनुसार पीजीआई में तीन, केजीएमयू में दो, लोहिया अस्पताल में एक मरीज की मौत हुई।
जबकि विवेकानंद, ग्लोबल मेडिकल केयर, एसजीपीजीआई, सहारा समेत अन्य अस्पतलों में आठ मरीजों की मौत की बात सामने आई जिनको कार्ड टेस्ट में डेंगू की पुष्टि हुई थी।
स्वास्थ्य विभाग ने दारोगा केजी शुक्ला की मौत का कारण भी डेंगू बताया है। उधर मलेरिया इकाई टीम ने निजी अस्पतालों में डेंगू से तीन मरीजों की मौत की बात स्वीकारी है। नगरीय मलेरिया अधिकारी डीएन शुक्ला के नेतृत्व में 60 अस्पतालों पर छापेमारी की गई।
इसमें कार्ड टेस्ट के 4278 मरीज मिले। स्वास्थ्य विभाग की ज्वाइंट एक्शन कमेटी को 26 प्राइवेट अस्पतालों से 8,679 मरीज डेंगू के मिले। इस तरह 24 घंटे में 86 अस्पतालों में छापेमारी के दौरान 12,956 डेंगू मरीजों की जानकारी मिली।
प्रमुख सचिव स्वास्थ्य के जब डेंगू से एक ही मौत की बात कही तो अदालत ने कहा कि दो वकीलों की मौत तो खुद उनकी जानकारी में। जाइए और सात अक्तूबर को सही आंकड़े लेकर आइए। डेंगू पर नियंत्रण लगाने के लिए अभी तक क्या उपाय किए गए, इसकी विस्तृत रिपोर्ट भी कोर्ट ने मांगी है। साथ ही यह भी कहा कि सुधार न होने पर गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।