प्रियंका का यूपी दौरा: सपा की पीड़ित महिला उम्मीदवार से मिलीं कांग्रेस नेता, गले लगाकर दिलाया न्याय का भरोसा
यूपी दौरे के दूसरे दिन यानी शनिवार को प्रियंका गांधी लखीमपुर खीरी के पसगवां ब्लॉक गईं। वहां प्रियंका ने समाजवादी पार्टी की उस महिला उम्मीदवार से भेंट की जिनके साथ ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान अभद्रता की गई थी। हालांकि सपा नेता क्रांति सिंह ने कहा कि उन्हें या उनकी प्रत्याशी को प्रियंका के आने की कोई सूचना नहीं थी। रात में पुलिस द्वारा जानकारी दी गई थी। वहीं, प्रियंका ने पीड़िता से भेंट कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया और कहा कि वो चुनाव आयोग को पत्र लिखेंगी और जहां-जहां हिंसा हुई है वहां के ब्लॉक प्रमुख चुनाव को रद्द करने की मांग करेंगी। यहां पढ़ें प्रियंका गांधी के आज के दौरे के पल-पल के अपडेट्स-
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
महिला प्रत्याशी से बदसलूकी हुई और पुलिस देखती रही: प्रियंका
प्रियंका गांधी ने यूपी सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि आठ जुलाई को ब्लॉक प्रमुख के नामांकन के दौरान महिला प्रत्याशी से बदसलूकी की जाती है और पुलिस खड़ी-खड़ी देखती रहती है। उन्होंने कहा कि जिस अकेले सीओ ने पीड़ितों को बचाने की कोशिश की सरकार ने उसे ही निलंबित कर दिया। बाकी अधिकारी जो खड़े थे उनको कुछ नहीं किया।
यहां हिंसा होती है और प्रधानमंत्री मोदी तारीफ करते हैं: प्रियंका
यूपी पंचायत चुनाव में हुई हिंसा पर सवाल उठाते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि पंचायत चुनाव में जीत पर पीएम मोदी और योगी तारीफ करते हैं, लेकिन उनको यहां की सच्चाई नजर नहीं आती, जबकि घटना के वीडियो सामने आए हैं। दो महिलाओं से बदसलूकी होती है। प्रशासन मौन रहता है। प्रियंका गांधी ने कहा की लगभग हर जिले में कुछ न कुछ हुआ है। कहीं हिंसा हुई है, कहीं बम फूटे हैं और कहीं महिलाओं के साथ ज्यादती हुई है, और प्रधानमंत्री जी पंचायत चुनाव की जीत पर मिठाई बांटते हैं। यह लोकतंत्र की हत्या नहीं तो और क्या है।
प्रियंका गांधी बोलीं- रद्द किए जाएं ब्लॉक प्रमुख चुनाव
प्रियंका गांधी ने पीड़ित से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और कहा कि वह हर हाल में उन्हें न्याय दिलाकर रहेंगी। करीब 20 मिनट की मुलाकात में उन्होंने पीड़ित महिला को गले भी लगाया और ब्लॉक प्रमुख चुनाव रद्द करने की मांग की।
पीड़ित महिला उम्मीदवार से मिलीं प्रियंका
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने लखीमपुर के पंसगवा ब्लॉक के सेमरा घाट पहुंचकर ब्लॉक प्रमुख चुनाव में अभद्रता का शिकार हुई सपा की महिला उम्मीदवार से मुलाकात की। इस दौरान महिला के परिवारवालों के साथ ही हजारों कांग्रेसी मौजूद रहे। वहीं प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर, आराधना मिश्र मोना, दीपक सिंह सहित सभी प्रमुख नेता मौके पर मौजूद रहे।
लखीमपुर खीरी पहुंचीं प्रियंका गांधी
तीन दिन के यूपी प्रवास के दूसरे दिन कांग्रेस महाससहिव प्रियंका गांधी पसगवां कांड की पीड़ित से मिलने मैगलगंज पहुंचीं। यहां रास्ते में मैगलगंज से चार किलोमीटर पहले ही हाइवे पर करीब 11 बजे कांग्रेस जिलाध्यक्ष समेत पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन पर फूल बरसाए। सैंकड़ों गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंची प्रियंका गांधी अब पीड़िता से मिलने सेमरीघाट फार्म हाउस की ओर रवाना हुई हैं। जहां पीड़िता सपा के पूर्व जिलाउपध्यक्ष क्रांति सिंह के घर पहुंची हुई हैं।
सपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष बोले- जबरन आ रही हैं प्रियंका गांधी
पीड़ित महिला फिलहाल सपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष क्रांति सिंह के घर पहुंच गई हैं। यहां पुलिस भी पहुंच गई है। क्रांति सिंह का कहना है कि प्रियंका गांधी जबरन आ रही हैं और घर आए मेहमान को रोका नहीं जा सकता। उधर प्रियंका के दौरे से सकते में आए क्रांति सिंह का कहना है कि उनके घर पर सपा का झंडा लहरा रहा है और वह सपाई ही हैं। जबकि कांग्रेस अध्यक्ष प्रहलाद पटेल का कहना है कि प्रियंका गांधी मानवता और इंसानियत के नाते उनसे मिलने जा रही हैं।
पीड़ित महिला को नहीं थी प्रियंका के आने की जानकारी
प्रियंका गांधी के आने से पहले सपा जिलाध्यक्ष रामपाल सिंह यादव ने बताया कि उन्हें ऐसी कोई जानकारी नहीं है और न ही उनकी महिला प्रत्याशी को इस बारे में कुछ पता है। उन्होंने कहा कि उन्हें पुलिस द्वारा सूचना दी गई है कि प्रियंका गांधी पीड़ित महिला से मिलने आ रही हैं।
प्रियंका के स्वागत की तैयारियां पूरी
लखीमपुर में प्रियंका गांधी की आगवानी की तैयारियां पूरी हो गई हैं। मैगलगंज से पांच किलोमीटर दूर हाइवे पर प्रियंका गांधी की आगवानी के लिए कांग्रेसी इकट्ठे हो गए हैं।
पसगवां ब्लॉक में हो रहा प्रियंका का इंतजार
आज प्रियंका लखीमपुर खीरी के पसगवां ब्लॉक जाएंगी। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक वह वहां उस महिला से मिलेंगी, जिसके साथ ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान अभद्रता की गई थी। उनके कपड़े भी खींचे गए थे। लखीमपुर खीरी के पसगवां ब्लॉक में लोग आज सुबह से ही प्रियंका का इंतजार कर रहे हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव जीतने के लिए यूपी भाजपा सरकार ने कानून-कायदे और इंसानियत को ताक पर रखा और हिंसा को प्रश्रय दिया गया।
— Congress (@INCIndia) July 17, 2021
कांग्रेस महासचिव श्रीमती @priyankagandhi उस हिंसा के पीड़ितों से मिलने के लिए लखीमपुर खीरी के लिए रवाना हुई है। pic.twitter.com/S0FTSZv2UN
इससे पहले शुक्रवार को अपने दौरे पर प्रियंका गांधी ने यूपी सरकार पर जमकर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि यूपी में सरकार ही संविधान को नष्ट कर रही है। लोकतंत्र का खुलेआम चीर हरण हो रहा है। उन्होंने कोरोना की दूसरी लहर से निपटने में भी प्रदेश सरकार को पूरी तरह से विफल बताया था।
कल योगी सरकार पर साधा था निशाना
प्रियंका ने शुक्रवार को कहा था कि यूपी आए पीएम मोदी कोरोना और विकास के फ्रंट पर योगी सरकार के काम को अच्छा बताते हुए उन्हें प्रमाणपत्र दे गए। यह कैसा अच्छा काम है। कोरोना की दूसरी लहर के दौरान पंचायत चुनाव कराए गए। बड़ी संख्या में लोग संक्रमित हुए। चुनाव ड्यूटी करने वाले कितने शिक्षकों की मौत हुई। चुनाव यह सोचकर कराए गए कि परिणाम भाजपा के मनमुताबिक आएंगे। ऐसा नहीं हुआ तो सरकार ने जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में हिंसा फैला दी।
शुक्रवार शाम को हुई थी बैठक
प्रियंका ने पीसीसी मुख्यालय पर शुक्रवार शाम को जिला व शहर अध्यक्ष और प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक की थी। उन्होंने पदाधिकारियों से कहा था कि वे कोरोना से मरने वाले लोगों के परिवारीजनों से मिलने उनके घर जाएं। सुख-दुख के साथी बनें। जो दवा वितरण के लिए दी गई थी, उसका समुचित वितरण करें। पुराने कांग्रेसजनों का हालचाल लेते रहें।
कोरोना का दर्द नहीं भूल सकती आम जनता: प्रियंका
कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रधानमंत्री के यूपी सरकार की तारीफ पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा था कि मोदीजी के सर्टिफिकेट से यूपी में कोरोना की दूसरी लहर के दौरान योगी सरकार की आक्रामक क्रूरता, लापरवाही और अव्यवस्था की सच्चाई छिप नहीं सकती। लोगों ने अपार पीड़ा, बेबसी का सामना अकेले किया। इस सच्चाई को मोदीजी, योगीजी भूल सकते हैं, जिन्होंने कोरोना का दर्ज सहा, वे नहीं भूलेंगे।