रायबरेली: हाईवे पर डिवाइडर से टकराई कार, किराना व्यवसायी समेत दो की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ प्रयागराज हाईवे पर जगतपुर के बरवाल पुर गांव के निकट बुधवार की रात तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में किराना व्यवसायी समेत दो लोगों की मौत हो गई और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
शहर कोतवाली की कल्लू का पुरवा निवासी धर्मेंद्र देव सिंह अपने साथी हरिशंकर और मोहल्ले के मोहित के साथ प्रयागराज की तरफ से रायबरेली की ओर कार से आ रहा था। रात में करीब 10:00 बजे जगतपुर थाना क्षेत्र के परवलपुर गांव के पास कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
हादसे में कार सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगतपुर पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर तीनों लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जगतपुर से रायबरेली आते वक्त रास्ते में ही धर्मेंद्र और हरिशंकर की मौत हो गई। मोहित को ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
परिजनों में मच गया कोहराम
कल्लू का पुरवा मोहल्ले के लोगों ने बताया कि धर्मेंद्र देव किराने की दुकान चलाता था और हरी शंकर नाई का काम करता था। रात में दोनों की मौत की खबर जब मोहल्ले पहुंची तो परिजनों में कोहराम मच गया। सभी आनन-फानन जिला अस्पताल पहुंचे।
जगतपुर थानाध्यक्ष अजीत विद्यार्थी ने बताया कि रात में कार डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। घायलों को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। चिकित्सकों ने तीनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। दो की रास्ते में मौत हो गई।