टक्कर मारने के बाद मैजिक ने भाई-बहन को रौंदा, मौके पर ही मौत, बवाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रायबरेली के सलोन कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को तेज रफ्तार मैजिक ने बाइक सवार भाई-बहन को रौंद दिया, और साइकिल सवार पिता-पुत्र को टक्कर मारकर कर घायल कर दिया। टक्कर इतनी तेज थी कि भाई-बहन की मौत हो गई।
घायलों को सीएचसी के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद बवाल हो गया। गुस्साए ग्रामीणों ने न सिर्फ लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर जाम लगा दिया, बल्कि यूपी डायल 100 के पुलिस कर्मियों व एंबुलेंस चालक को खदेड़ दिया।
सूचना पर एएसपी के साथ कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। जाम खुलवाने को लेकर पुलिस से तीखी तकरार हुई। बाद में एएसपी ने मदद दिलाने का भरोसा देकर शांत कराया। इसके बाद जाम खुल सका। पुलिस ने लिखापढ़ी के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसा करने वाले चालक को हिरासत में ले लिया गया।
कुचलते हुए निकल गई मैजिक
सलोन कोतवाली क्षेत्र के ममुनी गांव निवासी राजेश पासी (25) पुत्र रतीपाल अपनी बुआ की बेटी रेनू (15) पुत्री रामकिशोर निवासी गढ़ी जमुरवा खुर्द को सुबह बाइक से उसके घर छोड़ने जा रहा था।
उमरी गांव के पास रायबरेली की ओर से तेज रफ्तार से आ रही टाटा लोडर मैजिक ने बाइक में टक्कर मार दी। इसके बाद सड़क पर गिरे राजेश और रेनू को कुचलते हुए खाद लेने जा रहे साइकिल सवार सूरज (13) और उसके पिता पारसनाथ (50) निवासी पावरगंज बगहा को टक्कर मार दी।
गंभीर रूप से घायल राजेश और रेनू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि साइकिल सवार बाप-बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना पर पहुंची यूपी डायल 100 की पुलिस और आक्रोशित ग्रामीणों के बीच हाथापाई की नौबत आ गई। जिसे देखकर एंबुलेंस और 100 पुलिस कर्मी जान बचाकर भाग निकले।