एक जून से लगेगा महंगाई का तगड़ा झटका, बढ़ेगा ट्रक भाड़ा, महंगी होगी खाने की थाली
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डीजल के दामों में वृद्धि का असर अब सामने आने लगा है। माल ढुलाई भाड़ा एक जून से 20 फीसदी बढ़ जाएगा। माल भाड़ा बढ़ने से आलू, प्याज, फल, दाल सहित खानपान की चीजों के दाम बढ़ जाएंगे। इससे भोजन की थाली महंगी हो जाएगी। ट्रांसपोर्टर भी भाड़ा बढ़ने की राह देख रहे हैं और ट्रकों के माल की लोडिंग एवं अनलोडिंग कम कर दी है। इससे राजधानी की मंडियों में सब्जी, फल एवं दाल की आवक भी घटी है।
लखनऊ ट्रक गुड्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय छाबड़ा ने बताया कि डीजल कीमत बढ़ने के कारण ट्रांसपोर्टरों को घाटा हो रहा है, जिससे माल ढोने का काम कम कर दिया गया है। जब माल भाड़ा 20 फीसदी बढ़ जाएगा तो ट्रकों का आवागमन होगा।
ट्रांसपोर्टर अरुण कुमार अवस्थी ने बताया कि भाड़ा बढ़ाने से पहले थोक कारोबारियों एवं कंपनियों के प्रतिनिधियों की एक बैठक बुलाई जाएगी। दुबग्गा मंडी के थोक कारोबारी नजमुद्दीन राइनी ने बताया कि डीजल महंगा होने से नासिक एवं मध्य प्रदेश के सारजापुर से आने वाले प्याज की आवक पर फर्क पड़ा है। दोनो जगहों से पहले 10 ट्रक प्याज आता था जो घटकर 6-7 रह गया है।
कम आ रहे फल, कीमत बढ़ी
सीतापुर रोड नवीन फल मंडी के थोक कारोबारी विजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि रोजाना 50 ट्रक से अधिक फल की आवक होती है, लेकिन तीन दिन से 30 से 35 ट्रक फल आ रहा है। मंडी मे फल की आवक कम होने एवं रमजान में खपत बढ़ने के कारण कीमत बढ़ गई है।
50 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ जाएगी दाल की कीमत
थोक दाल एवं चावल के कारोबारी भारत भूषण गुप्ता ने बताया कि एक जून से 20 फीसदी भाड़ा बढ़ने के कारण मुंबई से आने वाली दाल की 50 रुपये प्रति क्विंटल तक दाम बढ़ जाएंगे। उन्होंने बताया कि जब थोक रेट में दाल एवं चावल की कीमत बढ़ जाएगी तो खुदरा में कीमतें और बढ़ जाएगी।