रायबरेली जिले के टॉप टेन अपराधी सद्दन घोसी की डेढ़ करोड़ की संपत्ति कुर्क, डीएम के निर्देश पर हुई कार्रवाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रायबरेली जिले के टॉपटेन अपराधी सद्दन घोषी उर्फ वसीम की डेढ़ करोड़ की चल-अचल संपत्ति बुधवार को कुर्क कर ली गई। उसने अपराध करके अवैध तरीके से अपनी सभासद पत्नी रुखसाना बानो और बेटी निशी के नाम से चल-अचल संपत्ति अर्जित की थी। सदर कोतवाल अतुल सिंह ने गोरा बाजार के रहने वाले सद्दन की अपराध के जरिए अर्जित की गई चल-अचल संपत्ति कुर्क करने के लिए डीएम को लिखा पढ़ी की थी। इस पर तत्कालीन डीएम शुभ्रा सक्सेना ने 13 अगस्त को सद्दन घोषी की चल-अचल संपत्ति कुर्क करने के आदेश दिए थे।
प्रभारी सीओ सदर राघवेंद्र चतुर्वेदी, सदर कोतवाल अतुल सिंह की अगुवाई में कई थानों की फोर्स की मौजूदगी में शहर के गोरा बाजार और घोसियाना स्थित सद्दन घोसी की चल-अचल संपत्ति कुर्क कर ली गई। इस दौरान डुग्गी भी पिटवाई गई। सद्दन के खिलाफ सदर कोतवाली में 30 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इसमें गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट समेत अन्य मुकदमे शामिल हैं। कुर्की प्रक्रिया के दौरान भदोखर थानेदार राम आशीष उपाध्याय, मिल एरिया थानेदार राकेश सिंह, महिला थानेदार संतोष कुमारी और सदर कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
ये चल-अचल संपत्ति हुई कुर्क
सदर कोतवाल अतुल सिंह के मुताबिक 60 हजार रुपये कीमत की बाइक, आठ लाख कीमत की स्कार्पियो यूपी 33 एपी 5700, मकान नंबर 1028 व 1028 ए स्थित गोरा बाजार, जो नगर पालिका में रुखसाना पत्नी सद्दन के नाम दर्ज है। अनुमानित लागत करीब 75 लाख रुपये। छोटा घोसियाना स्थित मकान, जिसकी कीमत करीब 35 लाख है। अहमदपुर नजूल पावर हाउस गोरा बाजार के पास पावर कॉर्पोरेशन की कब्जाई गई जमीन, जिसकी कीमत 17 लाख रुपये है। घसियारी मंडी स्थित 30 लाख कीमत का मकान है। यह मकान आरोपी सद्दन की बहन रानी पत्नी रफीक के नाम है, जिस पर कब्जा रुखसाना पत्नी वसीम का है। विजय बैंक में जमा तीन लाख रुपये भी कुर्क किए हैं।
इनकम टैक्स रिटर्न का विवरण भी नहीं मिला
डीएम की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि सद्दन घोषी की पत्नी और बेटी का धन प्राप्ति का कोई आर्थिक स्रोत नहीं है। इससे स्पष्ट होता है कि सद्दन द्वारा आपराधिक कृत्यों से प्राप्त धनराशि के द्वारा ही अपनी पत्नी व बेटी के नाम से यह संपत्ति खरीद कर उनका उपयोग किया जा रहा है। सद्दन की पत्नी का आयकर विभाग में कोई इनकम टैक्स रिटर्न दाखिल करने विवरण भी नहीं मिला।
पुलिस अधीक्षक स्वप्निल ममगाई का कहना है कि जिले के टॉपटेन अपराधी सद्दन घोषी की करीब डेढ़ करोड़ की संपत्ति कुर्क की गई है। उसने यह संपत्ति अपनी पत्नी और बेटी के नाम अपराध के जरिए अवैध तरीके से अर्जित की थी। उसके खिलाफ 30 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। जल्द उस और शिकंजा कसा जाएगा।