{"_id":"5999f4c24f1c1ba7158b4b1d","slug":"tomorrow-to-be-strike-in-banks","type":"story","status":"publish","title_hn":"बैंकों के जरूरी काम आज निबटा लें, कल हड़ताल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बैंकों के जरूरी काम आज निबटा लें, कल हड़ताल
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
Updated Mon, 21 Aug 2017 10:23 AM IST
विज्ञापन
बैंकों में अगर कोई काम है तो उसे सोमवार को ही निबटा लें। क्योंकि मंगलवार को प्रदेश भर की बैंकों में हड़ताल रहेगी। लिहाजा ग्रामीण व सरकारी क्षेत्र की सभी बैंकों में कामकाज बंद रहेगा। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) ने इस हड़ताल का आह्वान किया है।
विज्ञापन
यूएफबीयू के प्रवक्ता अनिल तिवारी ने बताया कि अभी तक बनी सहमति के बाद पूरे प्रदेश के करीब 9500 बैंक ब्रांचों में काम बंद रहेगा। इनमें से 950 ब्रांच लखनऊ में हैं। हड़ताल के चलते नकद जमा व निकासी, डीडी बनवाने, चेक क्लियरेंस, आरटीजीएस जैसे काम बंद रहेंगे। ऐसे में करीब एक लाख करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित होने की आशंका है।
विज्ञापन
हड़ताल के लिए घोषित मांगों में प्रमुख रूप से निजीकरण को रोकने, श्रम सुधार के नाम पर उत्पीड़न बंद करने, बड़े औद्योगिक घरानों को दी जाने वाली लोन पर रियायतें रोकने, बैंक शुल्क में बढ़ोतरी पर नियंत्रण, एफडीआरआई बिल की वापसी, सभी वर्गों में भर्ती शामिल हैं। इन समस्याओं को लेकर यूएफबीयू महीने भरे से प्रदर्शन कर रहा है। सोमवार शाम 5.15 बजे राजधानी स्थित एसबीआई हजरतगंज ब्रांच में प्रदर्शन किया जाएगा। जबकि मंगलवार को हड़ताल के दौरान इलाहाबाद बैंक के हजरतगंज शाखा परिसर में बैंककर्मी सवेरे 11 बजे प्रदर्शन करेंगे।
विज्ञापन
निजी बैंक अभी हड़ताल से अलग
22 अगस्त को होने वाली हड़ताल में निजी बैंक शामिल नहीं हैं, लेकिन यूएफबीयू निजी बैंक के ब्रांचों को बंद करा सकता है। पिछली हड़ताल में भी निजी बैंक अंतिम समय में शामिल हो गए थे। हालांकि एटीएम सेवा को हड़ताल से अलग रखा गया है। यानी सभी बैंकों के एटीएम काम करेंगे। सिर्फ ब्रांचों से मिलने वाली सुविधाओं और कामों को बंद रखा जाए।