बाराबंकी में ट्रकों से कुचलकर पांच श्रमिकों की मौत, छह घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तमाम परेशानियों के बीच सैकड़ों किलीमीटर दूर से अपने घर पहुंचने की जद्दोजहद कर रहे कई श्रमिक शुक्रवार सुबह लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर हादसों का शिकार हो गए। नगर कोतवाली क्षेत्र में दो स्थानों पर ट्रकों से कुचल कर पांच मजदूरों की जान चली गई। छह गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में दो सगे भाई समेत तीन बहराइच व एक-एक गोरखपुर और देवरिया के रहने वाले थे। घायल मजदूरों को पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से चार को लखनऊ के केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया।
एक हादसा लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर शुक्रवार तड़के तीन बजे बड़ेल स्थित भाजपा कार्यालय के सामने हुआ। स्थानीय लोगों के मुताबिक बाहर से लौटे कुछ श्रमिक एक ट्रक से उतर रहे थे। उसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार डीसीएम (ट्रक) उन्हें रौंदते हुए निकल गया। इस हादसे से आसपास मौजूद लोगों में चीख पुकार मच गई।
सूचना पर पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक मजदूरों को कुचलने वाला ट्रक भाग चुका था। कोतवाल पंकज सिंह ने बताया कि इस हादसे में बहराइच के थाना रिसिया के ग्राम हुसैनपुर मोहम्मदपुर निवासी शिशुपाल (32) व उसके छोटे भाई जितेंद्र (30) की मौके पर ही मौत हो गई। 40 वर्षीय मोहन निषाद की इलाज के दौरान मौत हो गई। घायलों में धर्मेंद्र (28), अमित (24), जगदीश (38) व प्रधान (34) को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
तेज रफ्तार ट्रक (डीसीएम) श्रमिकों को रौंदते हुए निकल गया
दूसरा हादसा अयोध्या हाईवे पर ही असेनी मोड़ के निकट सुबह पांच बजे हुआ। घर लौटने के लिए दिल्ली से यहां पहुंचे चार लोग वाहन का इंतजार कर रहे थे। लखनऊ की ओर से आए तेज रफ्तार ट्रक (डीसीएम) श्रमिकों को रौंदते हुए निकल गया है। इस हादसे में दो की मौत हो गई। दो लोग गंभीर रुप से घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि यह हादसा ट्रक का टायर फटने से हुआ जिसके बाद वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बैठे चार मजदूरों पर चढ़ गया। मृतकों की पहचान गोरखपुर के उच्च गांव खोरा घाट निवासी विपिन शर्मा व देवरिया के ढीह थानान्तर्गत पतडरी निवासी सुदामा शर्मा के रूप में हुई। दोनों मामा भांजे बताए जाते हैं।
दोनों दिल्ली के आनंद विहार इलाके में काम करते थे। रविंद्र साहनी निवासी सुजौली थाना आनंदनगर जनपद बहराइच और शत्रुघ्न घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया जहां से इलाज के बाद वे परिजनों के साथ चले गए। हादसे के बाद ट्रक समेत चालक फरार हो गया।