बदमाश ने दी वीमेन पावर लाइन उड़ाने की धमकी, पढ़ें महिला कॉल टेकर का जवाब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अब क्या बम फटेगा। आपकी कोई और समस्या हो तो बताइये। टेली कॉलर से परेशान बदमाश ने खिसियाते हुए फोन काट दिया। हालांकि, धमकी को संजीदगी से लेते हुए बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉयड ने वीमेन पावर लाइन का चप्पा-चप्पा खंगाला। बाद में 1090 के इंस्पेक्टर गंगेश त्रिपाठी ने गौतमपल्ली थाना में फोन करने वाले अज्ञात बदमाश के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई।
आईजी नवनीत सिकेरा ने बताया कि सुबह 9.45 बजे किसी सिरफिरे ने वीमेन पावर लाइन के नंबर पर कॉल की थी। यह कॉल नेहा सिंह के पास आई। फोन करने वाले ने पूछा कि वह कहां से बोल रही है। इस पर नेहा ने कहा कि आपने 1090 में फोन किया है।
नेहा के नाम पूछने पर उसने एम मिश्रा बताया और 1090 में बम रखा होने की बात कही। उसने कहा कि 15 मिनट में बम फट जाएगा। इस दौरान नेहा ने संयम रखते हुए उससे समस्या के बारे में पूछा। उसने कहा कि आपके परिवार में किसी महिला के साथ घरेलू अथवा किसी भी प्रकार की हिंसा, ऑफिस में प्रताड़ना या अन्य कोई दिक्कत है तो वह शिकायत दर्ज करा सकता है।
टेली कॉलर को किया जाएगा सम्मानित
नेहा की बातों से धमकी देने वाला परेशान हो गया। उसने कहा कि बम पांच मिनट में फट जाएगा। नेहा इससे भी विचलित नहीं हुई और उससे बात करती रही। आखिर में धमकी देने वाले ने कहा कि बम दो मिनट में फटेगा। तब तक नेहा को बातचीत करते हुए चार मिनट हो चुके थे।
उसने कहा कि आपसे बातचीत करते हुए दो मिनट तो हो गए। अब क्या बम फटेगा। आपको कोई और समस्या हो तो बताइये। परेशान होकर धमकी देने वाले ने फोन काट दिया। इस बीच नेहा ने बम की धमकी की जानकारी अधिकारियों तक पहुंचा दी थी।
आईजी नवनीत सिकेरा सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन में बम स्क्वॉयड मौके पर पहुंचा और वीमेन पॉवर लाइन 1090 परिसर में चप्पा-चप्पा खंगाला लेकिन, कुछ नहीं मिला।
आईजी ने बताया कि 1090 के इंस्पेक्टर की तरफ से धमकी देने वाले के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराकर उसकी तलाश की जा रही है। जिस मोबाइल नंबर से उसने कॉल की थी, उसका पता लगाया जा रहा है।
आईजी ने बताया कि नेहा ने धैर्य, संयम और समझदारी का परिचय दिया। मुश्किल हालात में हौसले को मजबूत रखना ही नारी सशक्तीकरण की पहचान है। समाज की लड़कियों और महिलाओं को नेहा से प्रेरणा लेनी चाहिए। नेहा के काम के लिए उसे सम्मानित किया जाएगा।