भाजपा का 40वां स्थापना दिवस: कार्यकर्ताओं ने खुद उपवास रखकर जरूरतमंदों को कराया भोजन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा के 40वें स्थापना दिवस पर पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उपवास रखकर लॉकडाउन के कारण बेरोजगार हुए मजदूरों, गरीबों और जरुरतमंद लोगों को भोजन कराया। पार्टी के कार्यकर्ताओं ने लोगों को मास्क और सैनिटाइजर वितरित किए। साथ ही कोरोना योद्धाओं के प्रति आभार जताने के लिए धन्यवाद पत्र पर दस्तखत भी कराए। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने अपने घर में ही झंडा फहराकर पं. दीनदयाल उधाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
भाजपा ने अपने 40वें स्थापना दिवस को कोरोना योद्धाओं के नाम आभार अभियान के रूप में मनाने का निर्णय किया है। सोमवार को पार्टी के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में परिवारों से संपर्क कर कोरोना के खिलाफ जंग लड़ रहे चिकित्सकों, नर्सिंग स्टॉफ, चिकित्सा कर्मियों, पुलिस, होमगार्ड, बैंक कर्मचारियों सहित अन्य संबंधित लोगों के प्रति आभार पत्र पर दस्तखत कराए।
कार्यकर्ताओं ने देश में संकट की इस घड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार की ओर से गरीबों, मजदूरों और जरूरतमंद लोगों के लिए की गई मदद और कोरोना पीड़ितों के इलाज के लिए किए गए प्रबंध के बारे में भी जानकारी दी।
लोगों को मास्क और सैनिटाइजर वितरित किए
कार्यकर्ताओं ने पार्टी के आह्वान पर लोगों को मास्क और सैनिटाइजर वितरित किए। वहीं, प्रदेश सरकार के मंत्रियों, विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों ने जरूरतमंद लोगों के घर भोजन के पैकेट पहुंचाए।
कार्यकर्ताओं ने लोगों से मोबाइल पर ‘आरोग्य सेतु एप’ डाउनलोड करने और कोरोना के खिलाफ जंग में आर्थिक सहयोग के लिए पीएम केयर फंड में कम से कम 100-100 रुपये देने के लिए प्रोत्साहित किया।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कार्यकर्ताओं से वैश्विक आपदा की इस घड़ी में सेवा के संकल्प के साथ सक्रिय होकर गरीबों और जरूरतमंदों की मदद करने का आह्वान किया है। प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पर पार्टी का झंडा फहराया। बंसल ने कार्यकर्ताओं से गरीबों और मजदूरों की हर संभव मदद करने को कहा।