सीएम योगी पर जानलेवा हमले की फिराक में आतंकी, चौकस हुई सुरक्षा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर आतंकी हमले की खुफिया जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गई हैं। खुफिया एजेंसियों को पीएम नरेंद्र मोदी के साथ-साथ सीएम योगी के भी आतंकी संगठनों के निशाने पर होने की जानकारी मिली है।
इसके बाद मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। मुख्यमंत्री की सुरक्षा से जुड़े आला अधिकारियों ने शुक्रवार को सुरक्षा बंदोबस्त की समीक्षा भी की। मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों को और ज्यादा चौकसी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के आतंकियों के निशाने पर होने का अलर्ट मध्य प्रदेश की राज्य खुफिया एजेंसी ने दिया है। इस बाबत जारी अलर्ट में कहा गया है कि सीएम योगी पर हमले की साजिश एनसीआर के साथ ही उत्तर प्रदेश में रची जा रही है। आतंकी सीएम योगी को निशाना बना सकते हैं।
इस अलर्ट के बाद लखनऊ के साथ ही दौरों पर भी सीएम योगी की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इस अलर्ट में कहा गया है कि सीएम योगी के दिल्ली रहने के समय भी उन पर जानलेवा हमला किया जा सकता है इसलिए यह जरूरी है कि उनकी सुरक्षा और सुदृढ़ की जाए।
खुफिया एजेंसियों के मुताबिक स्वतंत्रता दिवस पर यूपी और एनसीआर में बड़ी आतंकी वारदात की साजिश है। आतंकियों ने अपने इस मंसूबे को अंजाम देने के लिए कम उम्र के लड़कों को अपनी मुहिम से जोड़ा है।
सूत्र बताते हैं कि अलर्ट में इस बात का भी उल्लेख है कि आतंकी यूपी के महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों को भी निशाना बना सकते हैं। स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) बेहद करीब है। मध्य प्रदेश पुलिस के खुफिया विभाग की ओर से सीएम योगी पर आतंकी हमले का इनपुट मिलने के बाद दिल्ली को भी अलर्ट किया गया है।
सीएम आफिस की बढ़ाई गई सुरक्षा
राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री कार्यालय एनेक्सी व लोक भवन में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर लगाने के साथ-सात पुलिस के जवानों की संख्या में इजाफा किया गया है। मुख्य पटल के प्रवेश द्वार पर भी मेटल डिटेक्टर लगाया गया है। हालांकि डीआईजी कानून व्यवस्था प्रवीण कुमार ने इस संबंध में कहा है कि ऐसा कोई विशेष अलर्ट नहीं मिला है। अलबत्ता समय-समय पर सुरक्षा एजेंसियां पीएम व सीएम की सुरक्षा की समीक्षा करती हैं और ऐसे मौकों पर सुरक्षा प्रबंध चौकस किए जाते हैं।