अलर्टः दिवाली पर यूपी को निशाना बना सकते हैं आतंकी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दीपावली की खुशियां भी अराजक तत्वों व आतंकियों के निशाने पर हैं। सार्वजनिक स्थानों को आतंकी निशाना बना सकते हैं। ऐसी आशंका सीमा पर तैनात खुफिया एजेंसियों ने जताई है।
इसके चलते नेपाल सीमा से सटे बहराइच समेत सभी जिलों में दीपावली पर अलर्ट घोषित कर दिया गया है। पुलिस के साथ एसएसबी सघन चौकसी बरत रही है। सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जा रही है।
सार्वजनिक स्थलों पर भी तलाशी अभियान चल रहा है। प्रकाश पर्व पर दीपावली के पटाखों के धूमधड़ाके के बीच आतंकी धमाके की आशंका है। मधेशी आंदोलन के चलते भी सीमा पर तनाव है। आतंकी इसका लाभ उठाने की फिराक में है।
खुफिया एजेंसियों की इस रिपोर्ट के बाद पुलिस महानिरीक्षक ने दीपावली के अवसर पर नेपाल सीमा से सटे सभी जिलों में सघन चौकसी बरतने के निर्देश दिए हैं। इस आदेश के बाद नेपाल सीमा से सटे बहराइच के मोतीपुर, रुपईडीहा, सुजौली, मुर्तिहा व नवाबगंज थानों के थानाध्यक्षों को अलर्ट कर दिया गया है।
सीमा पर संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की नजर
सीमा पर मुस्तैद एसएसबी के जवान भी नेपाल से आने-जाने वालों पर कड़ी नजर रख रहे हैं। बहराइच से लगने वाली 100 किमी. की सीमा पर आने-जाने वाले विदेशियों और संदिग्ध गतिविधियों वालों से कड़ी पूछताछ चल रही है।
रुपईडीहा आउट पोस्ट के सहायक सेनानायक पीएन सिंह ने बताया कि सीसी टीवी कैमरे की भी मदद ली जा रही है। नेपाल आने-जाने वालों का ब्यौरा भी दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नोमेंस लैंड पर एक-एक किलोमीटर की दूरी पर भी जवान गश्त कर रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक सालिक राम वर्मा ने बताया कि दीपावली के मद्देनजर सार्वजनिक स्थलों पर विशेष नजर रखी जा रही है। रोडवेज बस अड्डा, रेलवे स्टेशन, सिनेमा घर व होटलों की तलाशी का अभियान चल रहा है। भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस और पीएसी के जवान तैनात हैं। उन्होंने कहा कि अराजक तत्वों पर नजर रखी जा रही है। किसी भी कीमत पर अराजकतत्वों को बख्शा नहीं जाएगा।