रोडवेज बस में घुसी 50 बच्चों से भरी स्कूली बस, 10 घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ के मोहनलालगंज इलाके में न्यू पब्लिक स्कूल की खटारा बस शुक्रवार सुबह कस्बा सिसेंडी में रोडवेज की बस में पीछे से जा घुसी। हादसे में बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के साथ दस बच्चे घायल हो गए।
चीखपुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने बच्चों को बस से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। बस उन्नाव के कालू खेड़ा से करीब 50 बच्चों को लेकर मोहनलालगंज जा रही थी।
पुलिस के मुताबिक, मोहनलालगंज के मुरलीनगर स्थित न्यू पब्लिक स्कूल की बस रोजाना की तरह शुक्रवार सुबह उन्नाव के कालू खेड़ा इलाके से करीब 50 बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। रास्ते में कस्बा सिसेंडी के पास आगे चल रही रोडवेज बस के चालक ने अचानक ब्रेक लगाया।
स्कूल बस उसमें पीछे से जा घुसी। तेज धमाके के साथ स्कूल बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। चीखपुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग दौड़े। इस बीच रोडवेज बस तेज रफ्तार से भाग निकली।
स्कूल बस मौके पर छोड़ चालक टिंकू भाग निकला। ग्रामीणों ने बस में फंसे बच्चों को निकला। घायल बच्चों में कालू खेड़ा निवासी कक्षा दो की छात्रा नेहा, कक्षा छह के मो नोमान हुसैन, कल्पना, कक्षा आठ का अंकित, अटरियन खेड़ा निवासी आर्यन वर्मा, कक्षा तीन के अनुष्का व शिवांश, गांव चंदौली निवासी कक्षा तीन का छात्र अंश गुप्ता, कक्षा पांच की छात्रा नीशु व कक्षा छह की आंचल को ग्रामीणों ने एक निजी अस्पताल पहुंचाया।
थर-थर कांप रहे थे बच्चे
जोरदार टक्कर से बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के साथ दस बच्चों के घायल होते ही चीखपुकार मच गई। बस में फंसे बच्चे बुरी तरह घबराए और कांप रहे थे। ग्रामीणों ने उन्हें ढांढस बंधाते हुए बस से निकाला।
इस बीच कालू खेड़ा से जिला पंचायत सदस्य का एक प्रत्याशी अपना काफिला लेकर रास्ते से गुजरा। इलाज में हीलाहवाली की बात कहकर घायल बच्चों को अपनी गाड़ियों में बैठाकर कालू खेड़ा के एक अस्पताल ले गया।
दुर्घटनाग्रस्त बस में सवार बच्चों ने बताया कि खस्ताहाल स्कूल बस अचानक नहीं रोकी जा सकती थी। रोकने के लिए चालक को चार बार पैडल दबाना पड़ता था। हादसे की सूचना पर कालू खेड़ा से पहुंचे अभिभावक सत्येंद्र कुमार व धर्मेंद्र ने कहा कि प्रिंसिपल व स्कूल प्रबंधन से खस्ताहाल बस बदलने के लिए कई बार कहा था।
एक हजार रुपये महीना फीस वसूलने के बाद भी स्कूल प्रबंधन न बस बदली और न ही खस्ताहाल बस की मरम्मत कराई। पुलिसकर्मियों ने दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में लेकर सिसेंडी चौकी पहुंचाया।
थोड़ी देर बाद न्यू पब्लिक स्कूल मुरलीनगर की प्रिंसिपल शशिप्रभा अपने कर्मचारियों के साथ पुलिस चौकी पहुंची। कोई कानूनी कार्रवाई न करने की बात के साथ चालक की लापरवाही पर खेद जताते हुए बस सुपुर्दगी में मांगी। चौकी इंचार्ज ने भी बगैर तकनीकी मुआयना कराए बस उन्हें सौंप दी।