लापरवाहीः पूरा परिवार आया स्वाइन फ्लू की चपेट में!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इंफ्लुएंजा एच1एन1 (स्वाइन फ्लू) से निपटने की आधी-अधूरी तैयारियां अब भारी पड़ने लगी है। संजय गांधी पीजीआई के जिस संविदा कर्मचारी की जांच में संक्रमण पाया गया था, उसकी मां, पत्नी व बहन व बच्चा भी एच1एन1 की चपेट में हैं। केजीएमयू के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में हुई उनके गले के स्राव की जांच में संक्रमण की पुष्टि हुई है।
यही नहीं विकास नगर निवासी यह संविदाकर्मी बुधवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल गोमती नगर और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल (सिविल) में टहलता रहा। इस दौरान कितने लोग संक्रमण की चपेट में आए ये पता लगाना मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के लिए चुनौती होगा।
इंफ्लुएंजा एच1एन1 को नियंत्रित करने की जगह बीमारी को छिपाने में लगे सीएमओ डॉ. एसएनएस यादव सहित केजीएमयू, पीजीआई व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की लापरवाही राजधानी की जनता पर भारी पड़ गई। एक के बाद एक कमांड अस्पताल में दो मरीजों की मौत के बाद अचानक मंगलवार को संजय गांधी पीजीआई के संविदा कर्मचारी में भी संक्रमण पाया गया।
पॉजिटिव रिपोर्ट के बाद नहीं किया आइसोलेट
मंगलवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बावजूद मरीज को आइसोलेट नहीं किया गया और उसे घर जाने की सलाह दे दी गई। इसके चलते संविदाकर्मी बुधवार को पहले डॉ. राम मनोहर लोहिया संयुक्त चिकित्सालय अपने परिवार के साथ पहुंच गया।
वहां से जांच का नमूना देने के बाद वो दवा लेने के लिए सिविल अस्पताल पहुंच गया। बच्चे में स्वाइन फ्लू का लक्षण दिखने के बाद डॉक्टरों ने उसे केजीएमयू व एसजीपीजीआई के लिए रेफर कर दिया। संविदाकर्मी के परिवार के पांच लोगों के इंफ्लुएंजा एच1एन1 पॉजिटिव पाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया।
डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल और सीएमओ कार्यालय की एक टीम को उसके घर भेजकर दवा देने और परिवार को आइसोलेट करने के प्रयास किए गए।
डीएम ने यूं छिपाई विभाग की नाकामी
इंफ्लुएंजा एच1एन1 को काबू करने में नाकाम रहे स्वास्थ्य विभाग की नाकामी को छिपाने के लिए देर रात डीएम राजशेखर सामने आए। उन्होंने वाट्सएप पर जारी बयान में भी संविदाकर्मी के परिवार के पांच लोगों में संक्रमण की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि सीएमओ ऑफिस के डॉ. अकमल की टीम और लोहिया अस्पताल के चिकित्सकों की टीम ने विकास नगर में संविदाकर्मी के घर का निरीक्षण कर दवाएं दी हैं।
इसके साथ ही उन्हें पूरी तरह से आइसोलेट रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि संक्रमित परिवार ने अस्पताल में रहने से मना कर दिया है। सभी मरीजों पर डॉक्टर नजर रखे हुए हैं। बृहस्पतिवार सुबह एक बार फिर सभी परिवारीजनों उनके नजदीकी दोस्तों के स्वास्थ्य की जांच के निर्देश दिए गए हैं।