दरोगा भर्ती परीक्षा: 17 जिलों में ऑनलाइन एक्जाम आज से, छह लाख से ज्यादा अभ्यर्थी होंगे शामिल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दरोगा भर्ती 2016 की ऑनलाइन परीक्षा मंगलवार से शुरू होगी। अभ्यर्थियों के साथ ही यह उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड और एग्जाम करा रही एजेंसी के लिए भी परीक्षा की घड़ी है।
भर्ती बोर्ड ने मुख्यालय से जिलों में नजर रखने के लिए अधिकारियों को तैनात किया है। बोर्ड ने दोनों आईजी को भी जिलों में भेजा है। डीजी भर्ती बोर्ड जीपी शर्मा खुद लखनऊ और फैजाबाद में तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। आईजी वितुल कुमार को कानपुर का जिम्मा दिया गया है। कानपुर के बाद वह इलाहाबाद जाएंगे। डीआईजी संजय कक्कड़ अभी इलाहाबाद में तैयारियों को जायजा ले रहे हैं, इसके बाद वह वाराणसी जाएंगे।
भर्ती बोर्ड के डीजी व चेयरमैन जीपी शर्मा ने बताया कि परीक्षा वाले सभी जिलों में नोडल अधिकारी बनाए गए हैं। भर्ती बोर्ड के सदस्य व यहां के पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी खुद जिलों में जाकर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। लखनऊ और इलाहाबाद पर विशेष नजर रखी जा रही है यहां सबसे अधिक परीक्षा केंद्र हैं। लखनऊ में 27 और इलाहाबाद में 24 सेंटर हैं।
एजेंसी ने भी उतारी पूरी टीम
ऑनलाइन परीक्षा करा रही एजेंसी एनएसईआईटी ने परीक्षा में अपनी साख बचाने के लिए पूरी तैयारी की है। एजेंसी की ओर से 512 अधिकारियों व कर्मियों को ड्यूटी पर लगाया गया है। एजेंसी के आला अधिकारी भी लखनऊ में हैं।
एसटीएफ भी रहेगी सक्रिय
परीक्षा के दौरान किसी भी तरह के इनपुट को सत्यापित करने और उस पर त्वरित कार्रवाई के लिए एसटीएफ भी सक्रिय रहेगी। आईजी एसटीएफ अमिताभ यश ने बताया कि परीक्षा के दौरान मिलने वाले इंटेलीजेंस इनपुट त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
पांच लाख प्रवेश पत्र हो चुके हैं डाउनलोड
भर्ती बोर्ड के अधिकारियों की मानें तो सोमवार की शाम तक लगभग पांच लाख अभ्यर्थियों ने अपने प्रवेश पत्र डाउनलोड कर लिए थे। यह संख्या पिछले वर्ष डाउनलोड किए गए प्रवेश पत्रों के ही आसपास है। महिला अभ्यर्थियों की परीक्षा 20 और 21 दिसंबर को है। काफी महिला अभ्यर्थियों ने अब तक प्रवेश पत्र डाउनलोड नहीं किए हैं। महिला अभ्यर्थियों की संख्या 88 हजार से अधिक है। जबकि कुल अभ्यर्थियों की संख्या 6.30 लाख है।
दो जगह परीक्षा नहीं दे सकेंगे अभ्यर्थी
चेयरमैन जीपी शर्मा ने बताया कि कई अभ्यर्थियों ने एक से अधिक बार रजिस्ट्रेशन कराया है। इन सभी को हर रजिस्ट्रेशन पर एक ही समय और एक ही तिथि परीक्षा के लिए दी जा रही है। कुछ अभ्यर्थी ऐसे भी हैं जिन्होंने अलग-अलग फार्म अलग नाम से भरा है। एक से अधिक स्थान पर परीक्षा देने वालों को अमान्य घोषित किया जाएगा। इस संबंध में पूरी जानकारी बोर्ड की वेबसाइट पर डाल दी गई है।