फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   special report on police stations

कहीं मित्र तो कहीं बेपरवाह दिखी पुलिस

Sun, 28 Mar 2021 01:46 AM IST
Lucknow Bureau लखनऊ ब्यूरो
Updated Sun, 28 Mar 2021 01:46 AM IST
विज्ञापन
special report on police stations
भानु शुक्ल
विज्ञापन

लखनऊ। थाना-कोतवाली पहुंचने वाले पीड़ितों व फरियादियों से पुलिस किस तरह से पेश आ रही है। पीड़ितों की सुनवाई हो रही है या नहीं? पुलिसकर्मियों का उनसे कैसा व्यवहार है? और शिकायतों का त्वरित निस्तारण हो रहा है या नहीं? इसको लेकर अमर उजाला ने शहर के कुछ थानों का जायजा लिया। इस दौरान थाने-कोतवाली पहुंचने वाले लोगों से बातचीत की गई। पेश है एक रिपोर्ट -
एक कॉल पर हवालात पहुंचा बेरहम पति
ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के दुबग्गा में रहने वाली सना गर्भवती है। एक दिन रात में सना ने रंग-बिरंगी चूड़ियां पहनीं तो पति कादिर सिर्फ इस बात से आग-बबूला हो गया कि उससे पूछे बिना चूड़ियां कैसे पहन लीं। इसी बात पर कादिर ने सना को बेरहमी से पीट दिया। इसकी जानकारी होने पर एक रिश्तेदार ने पुलिस को फोन कर दिया। इस पर पुलिस ने चंद मिनट के भीतर कादिर को गिरफ्तार कर हवालात में डालने के साथ ही सना को अस्पताल पहुंचाकर उपचार भी करा दिया। त्वरित कार्रवाई को लेकर सना के परिवारीजन ने पुलिस के प्रति आभार जताया। इसी तरह कुछ युवतियां चरित्र प्रमाणपत्र के सत्यापन को ठाकुरगंज थाने पहुंचीं थीं। इन युवतियों ने बताया कि कुछ देर में ही उनके प्रमाणपत्र का सत्यापन हो गया। थाने आने पर किसी तरह की कोई परेशानी या हीलाहवाली नहीं हुई।
विज्ञापन

दीवान छुट्टी पर, नहीं हो सका वेरिफिकेशन
गोमतीनगर थाने पर बीते दिनों चरित्र प्रमाणपत्र के लिए सत्यापन कराने पहुंचे कुछ आवेदक परेशान दिखे। थाने पहुंचे हिमांशु और अरविंद कुमार ने बताया कि चरित्र प्रमाणपत्र के लिए पिछले दिनों ऑनलाइन आवेदन किया था। सत्यापन कराने थाने पहुंचे तो पता चला कि रिपोर्ट लगवाने लगाने वाले दीवान जी छुट्टी पर गए हैं। इस वजह से कई बार थाने के चक्कर लगाने पड़ गए। हालांकि एक अन्य काम से थाने पहुंचे दो बुजुर्गों ने पुलिस की प्रशंसा की। दोनों ने कहा कि उनकी शिकायत पर त्वरित कार्रवाई हुई है। मगर इन दोनों बुजुर्गों का क्या मामला था, ये उन्होंने बताने से मना कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन

अपनों से अच्छे तो पुलिस वाले निकले
हसनगंज कोतवाली के गेट पर मिले खदरा निवासी निसार अहमद ने बताया कि परिवार में ही झगड़ा हो गया था। कुछ समझ नहीं आ रहा था कि क्या करें? फिर हसनगंज कोतवाली में शिकायत की। इस पर पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत करके मामले में समझौता करा दिया। पुलिस की कार्यप्रणाली से खुश निसार ने कहा कि अपनों से अच्छे तो पुलिस वाले ही निकले। जिन्होेंने न सिर्फ पूरी समस्या सुनी बल्कि विवाद भी दूर करा दिया। हसनगंज कोतवाली के बाहर ही मिली डालीगंज में रहने वाली बीना भी पुलिस की कार्यप्रणाली से खुश दिखीं। बीना ने बताया कि उनके पति राहुल सड़क किनारे गुटखा व सिगरेट की दुकान लगाकर जीवन-यापन करते हैं। एक दिन पहले किसी व्यक्ति ने गांव में रिश्तेदार की मौत की जानकारी देते हुए पैसे न होने की बात कहकर एक मोबाइल फोन 1300 रुपये में राहुल के पास गिरवी रखा था। कुछ देर बाद ही पुलिस ने उस व्यक्ति को मोबाइल चोरी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने फोन राहुल के पास होने की जानकारी दी। इस पर पुलिस ने राहुल को हिरासत में लेकर उक्त मोबाइल बरामद कर लिया। बीना ने बताया कि उसने कोतवाली जाकर इंस्पेक्टर को पूरी बात बताते हुए पति के निर्दोष होने की बात कही। इस पर इंस्पेक्टर ने आश्वासन दिया कि निर्दोष है तो कुछ नहीं होगा। आखिरकर कुछ घंटे में पुलिस ने दो मोबाइल चोरों को गिरफ्तार करके राहुल को छोड़ दिया। इससे खुश बीना ने पुलिस की प्रशंसा की।

थाने के चक्कर लगाए मगर नहीं हुई सुनवाई
पारा थाना क्षेत्र के देवपुर निवासी विनोद कुमार पुलिस की कार्यशैली से परेशान दिखे। बीते दिन पारा थाने के बाहर परेशान हाल में दिखे विनोद ने बातचीत में बताया कि ग्राम सदरौना में उनकी जमीन है। उस पर एक कमरा भी बना है। विनोद दिन में अक्सर वहीं रहते हैं। विनोद ने बताया कि आठ मार्च की सुबह व पत्नी के साथ अपनी जमीन पर गए थे। तभी कुछ विपक्षी उनकी जमीन पर कब्जा करने आ गए। गालीगलौज व धमकी देने पर विनोद ने यूपी-112 के नंबर पर कॉल की। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने आकर अपनी शिकायत करने को कहा। विनोद का कहना है कि वे कई बार थाने-चौकी और एसीपी काकोरी तक से गुहार लगा चुके हैं मगर पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। वहीं, एक अन्य मामले को लेकर थाने पहुंची महिला ने बातचीत में बताया कि उन्होंने पिछले दिनों पुलिस से एक शिकायत की थी। जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की है। हालांकि महिला ने मामला निजी व पारिवारिक बताकर इस बारे में कुछ भी बताने से मना कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed