दिवाली पर सफर करने वाले जरूर पढ़े ये खुशखबरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम दीपावली पर दिल्ली और लखनऊ सहित अन्य जगहों से 3500 बसें दिवाली स्पेशल के रूप में चलाने की तैयारी कर रहा है। इनमें काफी बसें पूर्वांचल स्पेशल चलेंगी। निगम ने क्षेत्रीय प्रबंधकों को अतिरिक्त बसों का इंतजाम करने का निर्देश दिया है।
बस संचालन के लिए अफसरों एवं कर्मियों की स्पेशल ड्यूटी लगेगी। वहीं जो ड्राइवर एवं कंडक्टर तय दूरी से अधिक सफर पूरी करेंगे उन्हें प्रोत्साहन भत्ता भी दिया जाएगा।
परिवहन निगम के मुख्य प्रधान प्रबंधक एचएस गाबा के मुताबिक, ये नॉन स्टॉप बसें सात से 16 नवंबर तक चलेंगी। इस संबंध में प्रबंध निदेशक के रवींद्र नायक के निर्देश पर क्षेत्रीय प्रबंधकों एवं सेवा प्रबंधकों को सरकुलर भेजने की तैयारी चल रही है।
इन सभी जगहों के लिए चलेंगी स्पेशल बसें
उन्हें अतिरिक्त बसों का इंतजाम करने का निर्देश दिया जा चुका है। इन बसों का संचालन दिल्ली, आनंद विहार से वाया गाजियाबाद व हापुड़ और दिल्ली, आनंद विहार से इटावा एवं कानपुर होते हुए वाराणसी, इलाहाबाद, गाजीपुर, आजमगढ़, देवरिया, मऊ, गोरखपुर, महाराजगंज, बस्ती, बहराइच व गोंडा तक होगा।
इसी प्रकार नॉन स्टॉप बस लखनऊ और कानपुर से भी पूर्वांचल, दिल्ली, बुंदेलखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों के लिए चलेंगी। परिवहन निगम की लग्जरी बस सेवाएं 6 से 10 तक नवंबर फुल हो चुकी हैं। सबसे अधिक परेशानी दिल्ली जाने और लखनऊ आने वाले यात्रियों के सामने खड़ी हो गई है।
निगम यात्रियों की दिक्कत को देखते हुए 6 से 11 नवंबर तक चार स्पेशल बसों का संचालन करेगा जिसमें दो साधारण और दो एसी बसें शामिल हैं। इन बसों में सीट के लिए पांच नवंबर से ऑनलाइन बुकिंग शुरू होगी। पहली स्पेशल बस लखनऊ से पांच नवंबर को दिल्ली के लिए रवाना होगी।