नेता बनाने का कारखाना है सपा : अखिलेश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को कालिदास मार्ग स्थित अपने सरकारी आवास पर समाजवादी फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि डॉ. राम मनोहर लोहिया के विचारों को मुलायम सिंह यादव ने आगे बढ़ाया है। प्रदर्शनी में उनके संघर्षों की झलक है। समाजवादी पार्टी नेता बनाने का कारखाना है।
लोहिया जयंती के उपलक्ष्य में लगी प्रदर्शनी का अवलोकन करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा वर्ग अपनी ऊर्जा और उत्साह से समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकता है। राज्य सरकार युवाओं के लिए अनेक योजनाएं चला रही है।
समाजवादी विचारधारा से ही गांव, गरीब और किसान को खुशहाल बनाया जा सकता है। वर्तमान सरकार ने हमेशा किसानों के हितों का ध्यान रखा है।
लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि समाजवादियों ने आजादी के पहले तथा बाद में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। समाजवादी कार्यकर्ताओं और जनसामान्य के लिए प्रदर्शनी 23 मार्च तक खुली रहेगी।
लोहिया से मोदी तक के साथ मुलायम
फोटो प्रदर्शनी में युवावस्था में मुलायम सिंह यादव की डॉ. लोहिया के साथ फोटो से लेकर पिछले दिनों सैफई में उनके पौत्र की सगाई में पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक की फोटो शामिल हैं। प्रदर्शनी का मुख्य फोकस नेताजी पर है।
इसमें पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह, चंद्रशेखर, एचडी देवगौड़ा से लेकर राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी समेत तमाम प्रमुख नेताओं के साथ ही मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण तक की उनकी फोटो शामिल हैं।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कुंवर हर्षित ‘राजवीर’ की पुस्तक ‘समाजवादी क्रांति के जनक डॉ. लोहिया और युवा शक्ति’ का विमोचन भी किया। उन्होंने पर्वतारोही रवि कुमार को उनके पर्वतारोहण अभियान के लिए हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
बीमारी के बावजूद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे मुलायम
समाजवादी चिंतक डॉ. राममनोहर लोहिया की 105वी जयंती सोमवार को समारोहपूर्वक मनाई जाएगी। लोहिया ट्रस्ट और समाजवादी पार्टी की ओर से मुख्य समारोह गोमतीनगर के लोहिया पार्क में सुबह 10 बजे होगा।
इसके मुख्य अतिथि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव होंगे। एक पखवाड़ा बीमार रहने के बाद वे किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव विशिष्ट अतिथि होंगे।
सपा के प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने बताया कि समारोह में राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव लिखित पुस्तक ‘डॉ. लोहिया और उनका समाजवाद’ पुस्तक का विमोचन भी होगा।
लोहिया अस्पताल, लोहिया पार्क चौक, लोहिया ट्रस्ट, विक्रमादित्य मार्ग स्थित डॉ. लोहिया की मूर्तियों पर भी माल्यार्पण होगा। सपा के प्रदेश कार्यालय में शाम साढ़े पांच बजे नवनिर्मित डॉ. लोहिया सभागार का लोकार्पण मुलायम सिंह करेंगे।