सीतापुर : पिकअप की टक्कर से भाई-बहन समेत तीन की मौत, गंभीर घायल बालिका लखनऊ रेफर
नीरज अपनी बहन ममता को विदा कराने उसकी ससुराल इलाके के मझिगवां गए थे, जहां से वह बहन और छह साल की भूमि, तीन साल की भांजी अनिका को लेकर बाइक से घर आ रहे थे।
विस्तार
सीतापुर कोतवाली इलाके में रविवार को तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से दर्दनाक हादसा हुआ। टक्कर से बाइक सवार भाई-बहन समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि मृतका की एक बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। भाई ने मौके पर, जबकि मां-बेटी ने जिला अस्पताल में दम तोड़ा है। युवक अपनी बहन को ससुराल से विदाकर घर लेकर लौट रहा था। गंभीर रूप से घायल बालिका को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। तीन लोगों की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
कोतवाली बिसवां इलाके के बोहरा निवासी नीरज (30) अपनी बहन ममता को विदा कराने उसकी ससुराल इलाके के मझिगवां गए थे, जहां से वह बहन और छह साल की भूमि, तीन साल की भांजी अनिका को लेकर बाइक से घर आ रहे थे। बताया जाता है कि बाइक सवार लोग बिसवां इलाके के राजाडीह के निकट ही पहुंचे थे, इस बीच पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिअकप ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को आनन-फानन में अस्पताल लाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही नीरज की मौत हो गई। बिसवां सीएचसी पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जबकि ममता और उनकी दोनों बेटियों की हालत को गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। तीनों को भर्ती कराया गया, जहां पर इलाज के दौरान ममता और अनिका की मौत हो गई, जबकि भूमि की हालत को नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने पिकअप को कब्जे में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।