यूपी में एसआईआर: दो दिनों में होगा 2003 की मतदाता सूची से मिलान का काम, बीएलओ से बुक से कर सकते हैं कॉल
SIR in UP: यूपी में एसआईआर का काम चल रहा है। अगले दो दिनों में प्रदेश में सभी मतदाताओं का नाम 2003 की वोटर लिस्ट से मिलाया जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रदेश में हो रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर शनिवार को सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की। रिणवा ने निर्देश दिए कि जिन मतदाताओं के नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची में शामिल है, उनकी वर्तमान मतदाता सूची से मैपिंग (मिलान) का काम अगले 2 दिनों के भीतर पूरा कर लिया जाए। समीक्षा में यह पाया गया कि सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों ने राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर उन्हें एसआईआर की प्रक्रिया की जानकारी दे दी है। उनसे बूथ लेबल एजेंट नियुक्त करने का अनुरोध भी किया गया है, जो पुनरीक्षण कार्यों में बीएलओ का सहयोग करेंगे।
गणना प्रपत्र वितरण में धीमी प्रगति वाले जिलों प्रयागराज, मेरठ, हरदोई, बहराईच, वाराणसी, बलरामपुर, सोनभद्र, गाजीपुर, देवरिया, अमरोहा, जौनपुर, फतेहपुर, गाजियाबाद, शाहजहंपुर, गोरखपुर, कासगंज, आगरा, उन्नाव, बदायूं, बांदा और हापुड़ को वितरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को 15 नवंबर तक गणना प्रपत्र शत-प्रतिशत वितरित कराने के निर्देश दिए गए। सभी बीएलओ को यह निर्देश जारी करने के लिए कहा गया कि वे बीएलओ एप का एडवांस वर्जन-8.7 प्ले स्टोर से डाउनलोड कर लें। जिन मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किया जा रहा है, उनको बीएलओ एप पर मार्क करते रहें, जिससे कि वितरण की प्रगति ऑनलाइन अपडेट हो सके। मतदाता voters.eci.gov.in पोर्टल पर जाकर अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर के माध्यम से अपना मतदाता पहचान पत्र संख्या डालकर गणना प्रपत्र आनलाइन भी भर सकते हैं।
बीएलओ से संपर्क के लिए बुक करें कॉल
मतदाताओं की सुविधा के लिए ''बुक ए कॉल विद बीएलओ'' की सुविधा दी गई है। कोई भी मतदाता voters.eci.gov.in पोर्टल के माध्यम से अपने बीएलओ से बात करने का अनुरोध डाल सकता है। बीएलओ को अगले 48 घंटों के भीतर आवेदक से संपर्क कर समस्या का निदान करना होगा।
लापरवाही पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी
एसआईआर के दौरान सभी जिलों में जिला संपर्क केंद्र (डीसीसी) शुरू हो चुके हैं। डीसीसी में कॉल करने के लिए उस जिले के एसटीडी कोड के साथ 1950 डायल करना होगा। यह भी निर्देश दिए किसी भी भ्रामक पोस्ट पर तत्काल तथ्यपरक उत्तर दिया जाए। एसआईआर के दौरान किसी भी स्तर पर काम में लापरवाही और निर्देशों की अवहेलना पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। सीईओ ने राजनीतिक दलों से भी सहयोग मांगा।