सीतापुर: जहरीले केमिकल से सात की मौत मामले में फैक्टरी मालिक सहित सात को जेल
सीतापुर के बिसवां में जहरीले केमिकल से हुई मौतों के मामले में पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया। आरोपियों में फैक्टरी मालिक, चौकीदार, ट्रांसपोर्टर सहित खीरी, लखनऊ व कानपुर के लोग शामिल हैं। अभी एक आरोपी पुलिस की पहुंच से दूर बताया जा रहा है।
सीओ बिसवां समर बहादुर ने बताया कि जहरीले केमिकल से सात लोगों की मौत मामले में बिसवां के पठानी टोला निवासी फैक्टरी मालिक सुकेश गुप्ता, रामपुर कलां निवासी चौकीदार सिराजुद्दीन को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
इनके साथ ही कानपुर के स्वरूप नगर निवासी टैंकर ट्रांसपोर्टर मोहित गुप्ता, लखनऊ के विवेक खंड गोमती नगर निवासी आईपीएल कंपनी लखनऊ के जीएम बेदव्रत भटनागर, लखनऊ के इंदिरानगर सेक्टर-2 निवासी कंपनी डारेक्टर अशोक कुमार गुप्ता, लखनऊ के एलडीए कॉलोनी कानपुर रोड सेक्टर बी निवासी हरदोई के संडीला स्थित आईपीएल कंपनी जीएम अजय भटनागर, खीरी के ओयल क्षेत्र के खागी निवासी सेल्स मैनेजर दीपक मिश्रा को भी दबोचा गया है।
आठवें आरोपी की तलाश जारी
सीओ का कहना है कि इन आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस अभी आठवें आरोपी लखनऊ निवासी कंपनी के सेल्स मैनेजर आरपी मिश्रा को दबोच नहीं पाई है।
पुलिस का कहना है कि उसकी भी तलाश की जा रही है। जल्द ही उसको गिरफ्तार किया जाएगा। अभी कई अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।