अयोध्या समेत सात शहरों का स्मार्ट सिटी के तौर पर होगा विकास, हर साल दिए जाएंगे 50-50 करोड़
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्रीय स्मार्ट सिटी मिशन की तर्ज पर राज्य स्मार्ट सिटी मिशन के तहत प्रदेश के अयोध्या समेत सात नगर निगम वाले शहरों का भी विकास किया जाएगा। गोरखपुर, मेरठ, अयोध्या, गाजियाबाद, फिरोजाबाद, मथुरा व शाहजहांपुर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के लिए तैयार की गई गाइडलाइंस को यूपी कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है। प्रत्येक शहर के लिए सरकार प्रतिवर्ष 50-50 करोड़ रुपये उपलब्ध कराएगी।
बता दें कि केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से देश के 100 शहरों के विकास के लिए शुरू की गई स्मार्ट सिटी मिशन के तहत यूपी के 17 में से 10 नगर निगम वाले शहरों का चयन हुआ है। राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा में लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, आगरा, अलीगढ़, बरेली, झांसी, सहारनपुर और मुरादाबाद का चयन किया गया था।
इसी कड़ी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले दिनों केंद्रीय योजना से वंचित रहे शेष 7 नगर निगम वाले शहरों को भी स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने की घोषणा की थी। इसके मुताबिक ही राज्य स्मार्ट सिटी मिशन का गठन किया गया था।
सरकार ने कर दी है 175 करोड़ की व्यवस्था
इस वित्तीय वर्ष में इन शहरों के लिए बजट में 175 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। राज्य स्मार्ट सिटी मिशन वाले प्रत्येक शहर के लिए प्रदेश सरकार प्रतिवर्ष 50-50 करोड़ रुपये देगी।
सभी शहरों में शत-प्रतिशत पेयजल आपूर्ति, सुनिश्चित विद्युत आपूर्ति, सक्षम शहरी गतिशीलता, सार्वजनिक ट्रांसपोर्ट व्यवस्था, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, आईटी कनेक्टिविटी और डिजिटलाइजेशन, ई-गवर्नेंस, स्वच्छ पर्यावरण, महिला, बच्चे व वृद्ध नागरिकों की सुरक्षा की मुकम्मल व्यवस्था, स्वास्थ्य व शिक्षा की बेहतर व्यवस्था पर फोकस करके विकास किया जाएगा।