सुधरेगी जल निगम की कार्यप्रणाली, एमडी समेत चार पदों पर तैनात होंगे आईएएस अफसर
जल निगम की बिगड़ी कार्यप्रणाली को सुधारने की दिशा में सरकार ने प्रबंध निदेशक समेत चार पदों पर आईएएस अधिकारियों की तैनाती का रास्ता साफ कर दिया है।
इसके लिए नगर विकास विभाग के ‘उप्र जल संभरण तथा सीवर व्यवस्था अधिनियम-1975’ की धारा-4 की उपधारा (2) के खंड ‘क’ में संशोधन प्रस्ताव को कैबिनेट से मंजूरी मिल गई है।
इस संशोधन के जरिये जल निगम में एमडी के पद पर सचिव स्तर के आईएएस अधिकारी को तैनात करने के साथ ही विशेष सचिव स्तर के तीन संयुक्त प्रबंध निदेशक के पद भी सृजित करने का प्रावधान है। अब तक एमडी के पद पर मुख्य अभियंता स्तर के इंजीनियरों की तैनाती होती थी।
एमडी समेत पदों पर अभी तक था इंजीनियरों का वर्चस्व
दरअसल, जल निगम के गठन के बाद से एमडी समेत अन्य प्रमुख पदों पर इंजीनियरों का वर्चस्व था। पिछले दिनों समीक्षा बैठकों में निगम की कार्यशैली को लेकर मुख्य सचिव से लेकर मुख्यमंत्री तक ने कई बार सवाल उठाए और सुधारने के निर्देश दिए थे। इसके बाद भी जल निगम की कार्यशैली में कोई खास सुधार नहीं दिखा।
इसके मद्देनजर सरकार ने एमडी समेत तीन अन्य पदों पर आईएएस व वरिष्ठ पीसीएस अधिकारियों का बैठाने का फैसला किया था।
इसी कड़ी में नगर विकास विभाग ने इन पदों पर नियुक्ति से संबंधित ‘उप्र जल संभरण तथा सीवर व्यवस्था अधिनियम-1975’ की धारा-4 की उपधारा (2) के खंड ‘क’ में संशोधन प्रस्ताव तैयार किया था।