अलर्टः स्वाइन फ्लू से तीन दिन में दूसरी मौत!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
स्वाइन फ्लू ने राजधानी में एक और जान ले ली। कमांड हॉस्पिटल में भर्ती पूर्व सैनिक की पत्नी ने बुधवार रात 10:15 बजे ने दम तोड़ दिया। तीन दिन के भीतर स्वाइन फ्लू से राजधानी में दूसरी मौत से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य ने आनन-फानन में बृहस्पतिवार को चिकित्सकों की बैठक कर इससे निपटने पर चर्चा की।
मंगलवार को भी एक पूर्व सैनिक की स्वाइन फ्लू से मौत हो गई थी। सेंट्रल कमान की जनसंपर्क अधिकारी गार्गी मलिक सिन्हा ने बताया कि पूर्व सैनिक की 48 वर्षीय पत्नी को बुखार और सांस लेने में दिक्कत की वजह से 13 जनवरी को कमांड अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
जांच में चिकित्सकों ने पाया कि उन्हें पल्मोनरी एडिमा (फेफड़े में पानी) की दिक्कत है। किडनी भी फेल हो चुकी थी। दिल की बीमारी का इलाज पहले से ही चल रहा था। तब महिला की डायलिसिस की गई और आईसीयू में वेंटीलेटर पर शिफ्ट कर दिया गया। लक्षणों के आधार पर महिला के स्वैब (गले के स्राव) की एसजीपीजीआई से जांच कराई गई।
रिपोर्ट आने के बाद 2 घंटे में हुई मौत
साथ ही उन्हें टैमी फ्लू दवा भी शुरू कर दी गई। 14 जनवरी को पीजीआई की रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई। इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। पूर्व सैनिक ने बताया कि उसकी पत्नी को 10 जनवरी को सर्दी-जुकाम की शिकायत हुई तो वह ईसीएचएस (एक्ससर्विस मैन कंट्रीब्यूशन हेल्थ स्कीम) के क्लीनिक ले गया।
वहां की दवा के बाद भी आराम नहीं मिला तो उसे कमांड अस्पताल में भर्ती कराया। पूर्व सैनिक ने बताया कि उसे 14 जनवरी की रात 8.30 बजे स्वाइन फ्लू की जानकारी मिली थी। इसके दो घंटे बाद पत्नी की मौत हो गई।
मृत महिला के पति व तीन बच्चों को दी गई टैमी फ्लू कमांड हॉस्पिटल प्रशासन ने महिला की मौत के बाद मानकनगर निवासी उसके पति और तीन बच्चों को प्रोटेक्शन के लिए टैमी फ्लू दवा दी है। उन्हें यह दवा 10 दिनों तक लेनी होगी।
प्रमुख सचिव अरविंद कुमार ने केजीएमयू और एसजीपीजीआई में स्वाइन फ्लू सैंपल की जांच 24 घंटे करने के निर्देश दिए हैं। ताकि जल्दी से जल्दी रोग की पहचान हो और समय पर इलाज मुहैया कराया जा सके।