जानिए सारा के निजी सामान से फूटे कौन से राज?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी के बेटे व अपहरण के आरोपी अमनमणि के संग सात जन्मों तक साथ रहने की कसम खाने वाली सारा महज दो साल में ही इस रिश्ते से तंग आ चुकी थी। ससुराल में बहू का दर्जा न मिल पाना उसे कतई गवारा नहीं था।
पति से चोरी-छिपे मिलने और ससुराल का प्यार न मिलने से उसके सपने चकनाचूर हो चुके थे। इसी वजह से सारा तलाक लेकर नए सिरे से जीवन की शुरुआत करना चाहती थी।
सारा की मां सीमा सिंह ने बताया कि अमनमणि के ताऊ और बेटी शनिवार देर शाम उसका सामान उसके घर पहुंचा गए। इस सामान के बीच उन्हें एक पर्ची भी मिली है, जिसमें सारा ने अमन से तलाक लेने की बात लिखी है। बाद में इस पर क्रॉस का निशान बनाया गया है।
इसके अलावा भी सारा की पर्सनल डायरी में तमाम ऐसी बातों का जिक्र है, जिससे साफ है कि वह इस गुमनाम जिंदगी से पूरी तरह ऊब चुकी थी।
सीमा सिंह ने बताया कि सारा शादी करके एक खुशहाल जीवन जीना चाहती थी। कभी भी अपने आत्मसम्मान से उसने समझौता नहीं किया। लगभग ढाई वर्ष पहले एक पार्टी में अमन से उसकी मुलाकात हुई। इसके बाद दोनों के बीच दोस्ती हो गई।
पहले कर ली शादी बाद में हुआ खुलासा
सारा की मां ने बताया कि अमन ने ही शादी का प्रस्ताव रखा, लेकिन सारा तैयार नहीं थी। कई बार उसने मुझसे भी पूछा था। हर बार मैने अमन से दूर रहने की बात कही। अचानक एक दिन अमन घर आया। फिर दोनों ने शादी का एल्बम दिखाकर शादी कर लेने की बात कही। दोनों बालिग थे। इसलिए पूरे परिवार ने सारा के फैसले का सम्मान किया।
हालांकि, इसके बाद भी कभी सारा ने ससुराल का मुंह नहीं देखा। मां सीमा सिंह ने बताया कि अमन चोरी-छिपे ही उससे मिलता था। इससे सारा तंग आ चुकी थी। बेटी की परेशानी देखकर वह खुद कई बार अमरमणि त्रिपाठी से मिलने गईं। उन्होंने सारा को बहू मानने से इन्कार कर दिया। इससे सारा और टूट गई।
शादी के बाद भी न तो पति का साथ मिला न ही ससुरालवालों का। इसके चलते सारा परेशान रहने लगी थी। कई बार तो उसे अमन के बारे में यह तक पता नहीं रहता था कि वह कहां और किसके साथ है। इसे लेकर दोनों में दूरियां बढ़ने लगीं।
छोटी-छोटी बात पर करता था झगड़ा, पिटाई भी की
मां सीमा सिंह ने बताया कि अमनमणि त्रिपाठी का सारा से अक्सर छोटी-छोटी बातों को लेकर झगड़ा होता था। वह उसे मारता-पीटता भी था। सारा उनसे इन बातों को हमेशा छिपाती रही। एक बार बात ज्यादा बिगड़ गई तो उसने अमन की प्रताड़ना का जिक्र किया।
बताया कि अमन ने उसे बुरी तरह पीटा। झगड़े हर पति-पत्नी के बीच की कहानी है, लेकिन हर छोटी बात पर होने लगे तो रिश्तों में खटास आ जाती है।
बेटे-बहू की सेल्फी देख भड़क उठे थे अमरमणि
अमनमणि और सारा की सेल्फी की-रिंग में देखकर अमरमणि भड़क गए थे। इसे लेकर उन्होंने कड़ी आपत्ति जताई थी। इस रिश्ते को लेकर अमरमणि को अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा और राजनैतिक कॅरिअर खतरे में नजर आने लगा था। वह अमनमणि की शादी ऊंचे घराने में करना चाहते थे। इससे उनकी पॉलिटिक्स और चमक जाए। जातिवाद की वजह से भी सारा को अपनाने से मना किया।
दोस्त, पार्टी और लग्जरी गाड़ियों में ही उलझा रहता था अमन
अमनमणि बेहद ही रंगीन मिजाज है। दोस्त, पार्टी और लग्जरी गाड़ियों में फर्राटा भरने से ही उसे फुर्सत नहीं। शादी के बाद भी अमनमणि की आदतों में सुधार नहीं आया। सारा उसे रोकती-टोकती थी तो अमन उसे डांट देता था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर उठाए सवाल
सीमा ने बताया कि बेटी सारा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर उन्होंने कई डॉक्टरों से राय मशविरा किया। इस पर उन्होंने भी संदेह जताया है। उन्होंने बताया कि सारा का पोस्टमार्टम सिर्फ एक डॉक्टर ने किया है। जबकि डॉक्टरों के पैनल के जरिए होना चाहिए था। इससे साफ है कि सारा की दुर्घटना में मौत नहीं, बल्कि हत्या की गई है।
सारा को अमन के संग जाने से मना किया
सीमा सिंह ने बताया कि डेढ़ महीने पहले जिस अमन से तलाक की बात चल रही थी। अचानक उसने सारा संग लंबे टूर पर जाने की बात कही तो उन्हें साजिश की आशंका हो गई थी। उन्होंने सारा को अमन के संग जाने से मना किया था। सुबह वह सारा को लेकर कार से निकला। देर रात हादसा हो गया।
डीजीपी से आज मिलकर करेंगे शिकायत
सीमा सिंह के मुताबिक, उन्होंने सारा की मौत से जुड़े सभी साक्ष्य इकट्ठा कर लिए हैं, जो इसे हत्या साबित करने के लिए पर्याप्त हैं। वह सोमवार को डीजीपी से मुलाकात करके मामले की रिपोर्ट दर्ज करवाएंगी। साथ ही प्रमुख सचिव गृह, मुख्यमंत्री और गृहमंत्री राजनाथ सिंह से भी मुलाकात करेंगी।
कहां गए सारा के मोबाइल फोन
मां सीमा सिंह ने बताया कि सारा के पास दो मोबाइल फोन थे। ये दोनों मोबाइल फोन गायब हैं। इसमें हत्या से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां हो सकती हैं। इन मोबाइल फोन को जानबूझकर गायब किया गया है।
उन्होंने बताया कि सारा ने घटना की रात साढ़े नौ बजे से ही अपना वाट्सएप नहीं खोला था। इसका मतलब है कि उसकी हत्या इसी दौरान कर दी गई थी। जबकि दुर्घटना का टाइम रात डेढ़ बजे का बताया गया। इसकी जांच होनी चाहिए।