दुआ मांगने देवा में चादर चढ़ाने पहुंची मशहूर अभिनेत्री
अपने जमाने की मशहूर अदाकारा सलमा आगा अपनी अभिनेत्री पुत्री सासा आगा के साथ शनिवार शाम देवा में थी। अभिनेत्री सलमा आगा व उनकी अभिनेत्री बेटी के आने की खबर लगते ही उनके प्रशंसकों की भीड़ जुट गई।
युवाओं से ज्यादा क्रेज बुजुर्गों में दिखाई दिया। उनको पास से देखने, फोटो खिंचवाने व इस लम्हे को मोबाइल में कैद करने की लोगों में होड़ सी लगी रही।
भारी भीड़ व धक्का-मुक्की के बीच सलमा आगा ने मजार शरीफ पर चादर चढ़ाकर अभिनेत्री बेटी के सफल फिल्मी कैरियर की दुआ मांगी। इससे पहले उन्होंने बाबा खाकी शाह की आवास पर आयोजित कव्वाली व चादर समर्पण में हिस्सा लिया, तथा कव्वाली का लुफ्त उठाया।
बेटी के लिए मांगी दुआ
अमर उजाला से संक्षिप्त बातचीत में सलमा आगा ने बताया कि वह अपनी बेटी सासा आगा के फिल्मी कैरियर में उज्ज्वल भविष्य की दुआ मांगने आयी हैं।
यहां के बारे में सुना है कि जो बाबा के दरबार में आया है वह खाली हाथ नहीं गया है। पूरा विश्वास है कि दुआ कबूल होगी और दोबारा फिर आऊंगी।
सासा आगा ने बताया कि दो फिल्में औरंगजेब व देशी कट्टा रिलीज हो चुकी है। अपनी फिल्मी कैरियर की सफलता के लिए दुआ मांगने आई हूं। इस मौके पर सोहेल वारसी, शहजादे आलम वारसी, डॉ. खालिद शेख आदि मौजूद रहे।