यूपी को कमतर आंका गया, यह बहुत अच्छा: टाटा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
‘उत्तर प्रदेश को अक्सर न सिर्फ गलत समझा गया, बल्कि कमतर भी आंका गया। जबकि यह बहुत बढ़िया प्रदेश है। यहां बहुत अच्छे काम हो रहे हैं। यह प्रदेश देश में अपना मुकाम हासिल कर लेगा। कई क्षेत्रों में दूसरों का नेतृत्व भी करेगा।’
ये शब्द हैं टाटा संस के एमेरिटस चेयरमैन रतन टाटा के। सोमवार को सीएम आवास पर प्रदेश सरकार और टाटा ट्रस्ट के बीच कई क्षेत्रों में काम करने के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर हुए। इस मौके पर अपने साढ़े तीन मिनट के भाषण में रतन टाटा ने यूपी की कई बार तारीफें कीं।
वहीं, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रतन टाटा का स्वागत करते हुए कहा, आप यूपी आते रहें..। हम आपसे कुछ मांगते नहीं हैं...। यूपी के लोग व समाजवादी पार्टी की सरकार आपसे कुछ मांग नहीं रही है। हमें तो सिर्फ आप आशीर्वाद देने के साथ रास्ता दिखाते रहें...। इसी से हम उत्तर प्रदेश में बदलाव करके दिखा देंगे।
अब यह नया उत्तर प्रदेश बन गया है
रतन टाटा ने कहा, मुझे उत्तर प्रदेश में आकर बहुत खुशी हो रही है। उत्तर प्रदेश अब नया उत्तर प्रदेश बन गया है। मुझे प्रदेश सरकार के साथ सामाजिक क्षेत्र में चैरिटी के काम करने में बेहद खुशी हो रही है।
प्रदेश सरकार के साथ मिलकर कुपोषण के क्षेत्र में जो प्रोजेक्ट टाटा ट्रस्ट शुरू करेगा उससे बच्चों व महिलाओं को काफी फायदा मिलेगा। मुख्यमंत्री व उनके सहयोगी अफसरों के कारण ही मैं न सिर्फ यहां पर आया, बल्कि एक नए और बदलते हुए यूपी को देख रहा हूं।
अखिलेश से कहा-मैं दोस्त हूं आपका और आपके प्रदेश का
रतन टाटा ने कहा, सूबे के विकास के लिए मैं अपना समय, ऊर्जा व प्रयास सब कुछ देने के लिए तैयार हूं। सूबे को आगे बढ़ाने के लिए हर तरह की मदद की जाएगी। उन्होंने सीएम अखिलेश यादव से कहा- मैं आपकाऔर उत्तर प्रदेश का दोस्त हूं।
यूपी को दिल देकर जा रहा हूं...
रतन टाटा अपने भाषण में भावुक भी हुए। कहा- मैं यूपी को अपना दिल देकर जा रहा हूं। टाटा के इतना कहते ही उपस्थित लोगों ने ताली बजाकर उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
'आपके आशीर्वाद व शब्द ही हमारे लिए बड़ी चीज हैं'
अखिलेश ने अपने भाषण में रतन टाटा से कहा कि आपके आने से चीजें ठीक हो जाएंगी, विरोध करने वाले समझेंगे प्रदेश ठीक रास्ते पर है अखिलेश ने रतन टाटा से कहा-आपके आशीर्वाद व शब्द ही हमारे लिए बड़ी चीज हैं।
आपके आने से ही यूपी में अब चीजें ठीक हो जाएंगी। जो लोग विरोध करते हैं वे भी इस बात को समझेंगे कि उत्तर प्रदेश ठीक रास्ते पर जा रहा है। आपने जो कुछ कहा है उस पर सरकार अमल करेगी। हम गरीबों के जीवन में बदलाव लाने का संकल्प लेते हैं।
गरीबों के जीवन में आएगा बड़ा बदलाव
मुख्यमंत्री ने कहा, आपके (टाटा) सहयोग व एमओयू के जरिये गरीबों के जीवन में बहुत बड़ा बदलाव आ सकता है। उनका जीवन कैसे अच्छा हो, स्वास्थ्य के क्षेत्र में कैसे और बेहतर काम किया जा सके, उन्हें रोजगार कैसे मिले, इसकी भी जानकारी लोगों को मिलेगी। गरीबों के जीवन में कैसे बदलाव हो इसके लिए सरकार ने काफी काम किया है।
पर, गांव के लोगों का स्वास्थ्य उतना बेहतर नहीं है जितना होना चाहिए। गांवों में गरीब महिलाएं हैं, उनके पास जानकारी नहीं है। इस करार से न सिर्फ उनका, बल्कि उनके बच्चों का भी स्वास्थ्य बेहतर होगा। प्रदेश यदि बेहतर नहीं करेगा तो देश के आंकड़े कभी भी सुधर नहीं सकते हैं।
जिसके पास कुछ नहीं होता, उसके लिए 500 रुपये भी बहुत
मुख्यमंत्री ने कहा-अगर बजट इजाजत देगा तो आने वाले समय में प्रदेश की सभी गरीब महिलाओं को समाजवादी पेंशन दी जाएगी। जिसके पास कुछ भी नहीं होता, उसे 500 रुपये महीने की भी मदद बहुत होती है। अभी यह पेंशन 40 लाख गरीब महिलाओं को ही मिलती है।
एमओयू से जुड़े कार्यक्रमों के लिए नोडल अफसर नियुक्त होगा
टाटा ट्रस्ट की ओर से आर वेंकट रमन व मुख्य सचिव आलोक रंजन के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर हुए।
आलोक रंजन ने बताया कि प्रदेश सरकार एमओयू से जुड़े कार्यक्रमों के लिए एक नोडल अफसर भी नियुक्त कर रही है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की पत्नी व सांसद डिंपल यादव, राजनैतिक पेंशन मंत्री राजेन्द्र चौधरी, मंत्री अभिषेक मिश्र उपस्थित थे।