बादशाह नगर इंटरसिटी में बोगी ढूंढते रह गए यात्री, ट्रेन हो गई रवाना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बादशाह नगर इंटरसिटी में रविवार को सिटिंग क्लास की एक बोगी डी-6 को यात्री खोजते रह गए। उन्हें न तो बोगी मिली और न सीट। इस दौरान ट्रेन रवाना हो गई। यात्रियों ने डीआरएम से ट्विटर पर शिकायत की है।
15069 बादशाह नगर इंटरसिटी से आदर्श अग्रवाल, निधि व सुभाष जैन के साथ तुलसीपुर से बादशाह नगर आ रहे थे। उन्होंने बताया कि सिटिंग क्लास बोगी डी-6 में 98, 99 व 102 नंबर की सीटें उन्हें एलॉट की गई थीं। उन्हें कोच ही नहीं मिला।
उन्होंने टीटीई से बात की तो जानकारी दी गई कि बोगी में सिर्फ 90 सीटें हैं, इसलिए आपको जो सीटें एलॉट की गई हैं, वे उपलब्ध ही नहीं हैं। उन्होंने ट्विटर पर पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल की डीआरएम विजयलक्ष्मी कौशिक से शिकायत की।
वहीं इसी ट्रेन की डी-6 में 97 नंबर सीट प्रदीप कुमार पांडेय को एलॉट की गई थी। वह गोंडा से बादशाहनगर आ रहे थे। उन्होंने डीआरएम से शिकायत दर्ज कराई कि डी-6 बोगी ट्रेन में लगी ही नहीं है।
इस पर उन्हें टीटीई से मदद के लिए कहा गया। लेकिन बोगी नहीं होने के कारण वह सफर नहीं कर सके। वहीं रेलवे अधिकारियों ने बताया कि डी-6 बोगी में तकनीकी खामियों के चलते यात्रियों को असुविधाओं का सामना करना पड़ा।
नहीं लगी अतिरिक्त बोगी, यात्री परेशान
रेलवे ने ट्रेनों में अतिरिक्त बोगियां लगाने का दावा तो किया, लेकिन ट्रेन रवानगी के समय बोगी लगाना भूल गया। पैसेंजर फूलचंद यादव ने शिकायत दर्ज कराई कि 15065 गोरखपुर-पनवेल एक्सप्रेस में 18 मई से गोरखपुर से अतिरिक्त बोगी लगाने की घोषणा कर वाहवाही तो लूट ली, लेकिन थर्ड एसी का कोच लगाया तक नहीं। वहीं ट्रेनों में पानी व पंखे की समस्याओं से भी पैसेंजरों को दो-चार होना पड़ा। वहीं 12555 गोरखधाम एक्सप्रेस में थर्ड एसी बोगी बी-2 से यात्रा कर रहे राजीव पांडेय ने शिकायत दर्ज कराई कि बोगी में एसी ठप होने से सफर मुश्किल हो गई। वहीं 12523 न्यूजलपाईगुड़ी नई दिल्ली एक्सप्रेस की स्लीपर बोगी एस-7 बोगी के यात्री सुभाष व 11110 झांसी इंटरसिटी के डी-6 में लाइट व पंखा खराब होने की शिकायत की गई।
14 घंटे लेट पहुंची साबरमती एक्सप्रेस
ट्रेनों की लेटलतीफी नहीं थम रही है। रविवार को 19166 साबरमती एक्सप्रेस 14 घंटे लेट पहुंची। वहीं 04403 बरौनी-आनंदविहार टर्मिनल एसी एक्सप्रेस स्पेशल 13 घंटे, 14014 सद्भावना सवा दस घंटे, 12184 प्रतापगढ़-भोपाल सुपरफास्ट 8.30 घंटे, 15030 पुणे-गारेखपुर 7 घंटे, 15624 कामाख्या-भगत की कोठी पौने सात घंटे, 12523 न्यू जलपाईगुड़ी-नई दिल्ली 5.45 घंटे, 13240 कोटा-पटना 5.15 घंटे और 12588 जम्मू-गोरखपुर एक्सप्रेस 4.30 घंटे देरी से पहुंची।