राहुल बोले, 'मेरा चाहे जितना मजाक उड़ाएं, पर बताएं, भ्रष्टाचार किया या नहीं'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने बइराइच में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वे चाहे जितना मेरा मजाक उड़ा ले, पर इस सवाल का जवाब दें कि उन्होंने भ्रष्टाचार किया या नहीं।
बृहस्पतिवार को जनाक्रोश रैली में राहुल ने कहा कि कि गुजरात में भ्रष्टाचार के सवाल पर प्रधानमंत्री हमारा मजाक उड़ा रहे हैं।
हमारा सवाल देश की गरीब जनता की ओर से है कि जितना चाहें मजाक उड़ा लें, लेकिन सवालों का जवाब दें। वे भ्रष्टाचार के मुद्दे पर जवाब नहीं देते। बचने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन जनता सब समझती है।
राहुल ने कहा कि मेरे पास गुजरात में मुख्यमंत्री रहते हुए मोदी के सहारा और बिड़ला से करोड़ों रुपये लेने के बाबत सभी कागजात मौजूद हैं। इनकम टैक्स के अधिकारियों के भी हस्ताक्षर हैं।
काले धन पर सर्जिकल स्ट्राइक नहीं, गरीबों पर फायर बंबिंग की
राहुल ने कहा कि पीएम काले धन पर सर्जिकल स्ट्राइक की बात कह रहे हैं, लेकिन नोटबंदी सर्जिकल स्ट्राइक नहीं, भारत के गरीबों पर फायर बमिंग है।
जिस तरह द्वितीय विश्व युद्ध में शहरों को नेस्तानाबूत किया गया था उसी तरह पीएम ने गरीबों पर नोटबंदी का बम फोड़ा है। इसके चलते बेंगलुरू, पुणे, पंजाब समेत विभिन्न स्थानों पर कारखाने बंद हो गए हैं। लोग बेरोजगार हैं। कर्जदार किसान को चोर समझा जाता है। जबकि अमीरों को डिफॉल्टर बताया जाता है।
वे सिर्फ मजाक उड़ाते हैं
राहुल ने कहा कि उन्होंने गुजरात में मोदी से तीन सवाल पूछे थे। वही सवाल यहां भी पूछूंगा। वह सवालों पर मेरा मजाक उड़ाते हैं, लेकिन मेरा सवाल सिर्फ मेरा ही नहीं बल्कि देश की गरीब जनता का सवाल है। कांग्रेस हिंदुस्तान से भ्रष्टाचार मिटाना चाहती है।
बीजेपी भ्रष्टाचार के खिलाफ कदम उठाए तो कांग्रेस साथ देगी। लेकिन, नोटबंदी का फैसला गरीब और कमजोर लोगों के खिलाफ है। आज भी बैंक में सैकड़ों लोग लाइन में खड़े हैं।
किसानों को राहत देने पर नहीं बोले पीएम
राहुल ने कहा कि गरीबों की ओर से उनके प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की। कर्जा माफ, बिजली बिल हाफ, अनाज और सब्जी का सही दाम देने की बात कही, लेकिन प्रधानमंत्री ने एक शब्द भी नहीं बोला। पीएम ने सिर्फ 15 उद्योगपतियों के कर्ज माफ किए हैं।
संसद में मेरे साथ ही मनरेगा का भी मजाक उड़ाया जा रहा है। माल्या समेत एक प्रतिशत सुपर अमीर लोगों के कर्ज को माफ कर दिया है।
राहुल ने कहा कि राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री के नोट बंदी का समर्थन किया है। जनाक्रोश रैली में प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर, प्रदेश प्रभारी गुलाम नबी आजाद, प्रमोद तिवारी, डॉ. संजय सिंह आदि मौजूद रहे।