मैं सरकारी नौकरी नहीं दे सकता, प्राइवेट चाहिए?: राहुल गांधी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
छह माह बाद अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर आए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी बदले-बदले नजर आए। मंगलवार को गेस्ट हाउस में मुलाकात के दौरान उन्होंने न सिर्फ पार्टी जनों बल्कि आम जनता को पूरा समय दिया।
इतना ही मुलाकात के दौरान हर किसी की बात को धैर्य से सुनकर उन्हें हर संभव मदद का भी भरोसा दिया। राहुल के बदले अंदाज का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि सत्ता में नहीं होने के बाद उनसे मुलाकात करने वाले कांग्रेसियों के चेहरे पर चमक नजर आई।
तीन दिवसीय दौरे पर सोमवार सुबह अमेठी पहुंचे राहुल गांधी का अंदाज इस बार बदला दिखा। आम तौर पर पहले होने वाले दौरों में राहुल गांधी जहां लोगों से महज औपचारिक मुलाकात करते थे वहीं इस बार के दौरे में वे लोगों से तबीयत से मिल रहे थे। पार्टी से जुड़े नेता या कार्यकर्ता हों या फिर आम लोग।
हर किसी से उसका हाल चाल जानना और उनकी उम्मीदों को पूरा करने के लिए हर संभव आश्वासन देना भी उनके अंदर आए बदलाव को दर्शा रहा था। राहुल गांधी से मुलाकात करके बाहर निकल रहे कांग्रेस नेताओं के चेहरे की चमक भी राहुल में आए बदलाव को बयां कर रही थी।
प्राइवेट नौकरी करेंगे आप?
मंगलवार को गेस्ट हाउस में लोगों से मुलाकात के दौरान कांग्रेस के जिम्मेदार लोगों ने हर किसी की मुलाकात राहुल से कराई। आलम यह रहा कि कांग्रेस के कई पदाधिकारी बाहर सड़क पर खड़े होकर आवाज लगाते रहे कि जिन्हें राहुल से मिलना हो अंदर आ जाएं।
लोगों की बुला-बुलाकर मुलाकात कराने के बावजूद मुंशीगंज के पास स्थित कुदरू का पुरवा से आई नारुन्निशा उनसे नहीं मिल पाई। राहुल के कसारा निकल जाने के बाद नारुन्निशा ने कहा कि कांग्रेस के लोगों ने उसे गेट के अंदर घुसने ही नहीं दिया।
मंगलवार को गेस्ट हाउस में राहुल से मुलाकात करने पहुंचे कई युवाओं ने उनसे सरकारी नौकरी दिलाने की मांग की। राहुल ने युवाओं को कहा कि सरकारी नौकरी नहीं मिल सकती इसलिए कि उनकी सरकार नहीं है। प्राइवेट नौकरी करनी हो तो सोचा जा सकता है। सरकारी नौकरी के अलावा कुछ और कहना हो तो बताइए।
राहुल गांधी लखनऊ से आई राधा पांडेय नाम की उस महिला से भी मिले जो उनसे मिलने के पहले गेस्ट हाउस के बाहर रो रही थी। राधा का कहना था कि वह एनजीओ चलाने के साथ ही कांग्रेस से जुड़ी है। राहुल से मिलकर अपनी बात कहना चाहती है। बावजूद इसके उसे मिलने नहीं दिया जा रहा। हालांकि बाद में राहुल से मिलने पहुंची राधा ने उनसे महिला उत्पीड़न के मुद्दे पर भी संघर्ष छेड़ने का आह्वान किया।
राहुल गांधी से मिलने पहुंचे कुछ कांग्रेसियों ने अपनी मांग रखी तो कई ऐसे रहे जिन्होंने राहुल का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि गरीब व मध्यम वर्ग की समस्या के लिए आंदोलन करके ही कांग्रेस अपना पुराना गौरव वापस पा सकती है।
खेती और फसल के विषयों में ली दिलचस्पी
सांसद राहुल गांधी ने मंगलवार सुबह जिले के प्रभारी डिप्टी आरएमओ मनोज कुमार व पीसीएफ के जिला प्रबंधक बीपी सिंह को गेस्ट हाउस में तलब किया। राहुल ने दोनों अधिकारियों से गेहूं खरीद प्रक्रिया, स्थापित केंद्रों की संख्या, लक्ष्य के सापेक्ष खरीदे गए गेहूं के आंकड़े, किसानों को दिए जाने वाले समर्थन मूल्य व होने वाली कटौती की जानकारी ली।
दोनों अधिकारियों ने राहुल को आंकड़ों से अवगत कराते हुए कहा कि किसानों के गेहूं में कोई कटौती नहीं की जा रही है। उन्हें खरीद के बाद तत्काल समर्थन मूल्य का चेक भी दिया जा रहा है। गौरतलब होगा कि सोमवार को ततारपुर गेस्ट हाउस में आयोजित किसानों की चौपाल में किसानों ने राहुल से जिले में हो रही खरीद में भेदभाव बरतने और अधिकारियों पर तंग करने के आरोप लगाए थे।
जामो थाने के राजामऊ गांव निवासी रामप्रसाद अपने गंभीर रूप से घायल पुत्र श्यामबाबू (18) को लेकर राहुल से मिले। रामप्रसाद ने राहुल को बताया कि उनके पुत्र को एक जुलाई 2014 को कुछ लोगों ने शाहजहांपुर व रौजा स्टेशन के बीच चलती ट्रेन से बाहर फेंक दिया था।
घटना में उसकी रीढ़ की हड्डी टूटने के साथ ही सिर में गंभीर चोट आई थी। रामप्रसाद ने कहा कि इलाज में लाखों रूपये गंवाने के बाद अब उनके पास कुछ नहीं बचा है जबकि डाक्टर ऑपरेशन के लिए लाखों रुपये मांग रहे हैं। राहुल ने रामप्रसाद को आश्वस्त किया कि उनके बेटे का बेहतर इलाज कराया जाएगा।
सांसद निधि में कमीशनखोरी पर राहुल सख्त
राहुल गांधी से मंगलवार दोपहर उनकी सांसद निधि में कमीशन लिए जाने की शिकायत हुई। सांसद निधि में शिकायत पर सख्त राहुल मामले की जांच कराने और आरोप सही पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कराए जाने की बात कही।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी तीन दिवसीय दौरे पर इन दिनों अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी में हैं। दौरे के दूसरे दिन मंगलवार को राहुल गांधी ने मुंशीगंज स्थित संजय गांधी गेस्ट हाउस में अमेठी व बाहर से आए कांग्रेसियों के साथ ही आम जनता से मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान कांग्रेस नेता अशोक सिंह हिटलर ने राहुल गांधी के समक्ष उनकी सांसद निधि में कमीशन बाजी की शिकायत की। अशोक ने राहुल गांधी से कहा कि आपकी सांसद निधि से होने वाले प्रत्येक कार्य में अधिकारी ठेकेदारों से कमीशन लेते हैं।
यदि कोई कांग्रेसी उनसे कमीशन लेने के बारे में सवाल करे तो कहते हैं कि इसका कुछ हिस्सा कांग्रेस के जिम्मेदार नेता भी लेते हैं। अशोक की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए राहुल ने कहा कि उनकी ओर से उठाए गए मुद्दे की जांच कराई जाएगी। जांच में आरोप सही मिले तो जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।