लखनऊ। अल्पसंख्यक विभाग का निशातगंज राजकीय इंटर कॉलेज के पुनर्निर्माण का प्रस्ताव अधर में है। डेढ़ वर्ष से अधिक समय से इसे मंजूरी नहीं मिली है। इससे कॉलेज की दशा सुधारने की प्रक्रिया रुक गई है।
प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम योजना अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और कौशल को मजबूत करती है। विभाग विकास कार्यों की रूपरेखा तय कर प्रस्ताव भेजता है। करीब डेढ़ वर्ष पहले निशातगंज इंटर कॉलेज के पुनर्निर्माण का प्रस्ताव भेजा गया था। इसे निजी स्कूल की तर्ज पर विकसित करने की कार्ययोजना बनी थी। इस पर करीब 17 करोड़ रुपये की लागत आनी थी। इसमें शिक्षण कक्ष, अंकीय कक्षाएँ, अंकीय पुस्तकालय, शौचालय, सभागार और अन्य कक्ष शामिल हैं।जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी पवन कुमार सिंह ने बताया कि करीब डेढ़ साल से किसी प्रस्ताव को स्वीकृति नहीं मिली है। इसी में निशातगंज इंटर कॉलेज का प्रस्ताव शामिल है। स्वीकृति मिलने पर कॉलेज का पुनर्निर्माण कराया जाएगा। छात्रों को बेहतर सुविधा मिलेगी।