अगर टिकट काउंटर पर बाबू करें बदतमीजी तो इस नंबर पर करें शिकायत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी के छोटे रेलवे स्टेशनों पर आए दिन यात्रियों को बाबुओं की अभद्रता का सामना करना पड़ता है। बावजूद इसके रेलवे अधिकारियों की कान पर जूं तक नहीं रेंगती।
वह भी तब जब हाल ही में मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमिताभ कुमार ने चारबाग रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटरों का निरीक्षण कर पांच बाबुओं को निलंबित किया था।
यहां बाबुओं के पास से बिके हुए टिकटों की दर से अधिक धनराशि मिली थी, इसके बाद उन पर कार्रवाई की गई थी। दरअसल, चारबाग सरीखे ए-श्रेणी के स्टेशनों का निरीक्षण तो हो जाता है, पर उतरेटिया, आलमनगर, मानकनगर, निगोहां सरीखे छोटे स्टेशनों पर अधिकारी ध्यान नहीं देते।
इससे आए दिन यात्रियों व टिकट काउंटर पर बैठे कर्मचारियों के बीच मारपीट तक की नौबत आ जाती है। यात्रियों की शिकायत है कि काउंटर पर बैठे कर्मचारी को अगर आप पांच सौ की नोट देते हैं तो वह उसे सौ की बताते हैं और कहासुनी होने पर रेलवे स्टाफ कर्मचारी के समर्थन में उतर आता है।
टिकट को लेकर बाबू व यात्रियों में हुयी कहासुनी
निगोहां रेलवे स्टेशन
इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से पीएचडी कर रहे निगोहां निवासी मंजुल त्रिवेदी ने सुबह 8 बजे इंटरसिटी एक्सप्रेस से प्रयाग का टिकट खरीदा। काउंटर पर कर्मचारी ने गलती से दो टिकट बना दिए।
कर्मचारी दूसरे टिकट के भी पैसे मांगते हुए मारपीट पर आमादा हो गया और टिकट फाड़ दिया। मामला सहायक स्टेशन मास्टर के पास पहुंचा तो वहां भी बेइज्जती सहनी पड़ी। ट्विटर केजरिए रेलमंत्री सुरेश प्रभु से इसकी शिकायत की है।
मानकनगर रेलवे स्टेशन
कानपुर का टिकट लेने के लिए होम्योपैथी डॉ. अभिषेक मौर्य ने काउंटर पर 500 रुपये का नोट दिया। कर्मचारी ने उन्हें कम रुपये लौटाए तो अभिषेक ने आपत्ति दर्ज कराई।
इस पर कर्मचारी ने झिड़कते हुए कहा कि उसने सौ का नोट दिया है। कहासुनी हुई, इस दौरान अन्य स्टाफ को बुलाकर अभिषेक को लाइन से किनारे कर दिया गया। अभिषेक ने डीआरएम से शिकायत की बात कही।
उत्तर रेलवे के सीनियर डीसीएम अजीत सिन्हा का कहना है ‘मानकनगर व निगोहां के मामलों को चेक कराया जाएगा। साथ ही दोषी टिकट काउंटर पर बैठे कर्मचारियों पर एक्शन भी लिया जाएगा। इतना ही नहीं छोटे स्टेशनों पर भी नियमित जांच-अभियानों को बढ़ाया जाएगा, ताकि यात्रियों को असुविधा न हो।’
उत्तर रेलवे में टिकट काउंटरों पर असुविधा होने पर 9717630982, 9794834985, 9794834924 पर संपर्क कर सकते हैं। साथ ही 138 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।sdcm.lko@gmail.com ईमेल आईडी व @drmlko25 ट्विटर एकाउंट पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।