72,825 शिक्षक भर्ती: जानें, तीसरी काउंसलिंग की दिक्कत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्राइमरी स्कूलों में 72,825 प्रशिक्षु शिक्षकों की भर्ती में तीसरी काउंसलिंग के लिए अभी थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा।
राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) को मात्र 40 जिलों ने ही दूसरी काउंसलिंग में भरे गए पदों की सूचना दी है। शेष 35 ने अभी तक सूचना नहीं दी है। एससीईआरटी ने शुक्रवार की शाम तक अंतिम रूप से सूचना भेजने का निर्देश दिया है।
इसके बाद नेशनल इन्फॉर्मेटिक सेंटर (एनआईसी) को सूचना देकर तीसरी काउंसलिंग के लिए मेरिट निर्धारित कराई जाएगी।
प्रशिक्षु शिक्षक भर्ती में दो चरणों की काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और तीसरे चरण की कराई जानी है। एससीईआरटी ने इसके लिए जिलों से भरे गए और रिक्त पदों का ब्यौरा मांगा है। पर अभी तक 40 जिलों को छोड़कर अन्य जिलों ने सूचना नहीं दी है। जिन 40 जिलों ने सूचना दी है वे अधिकतर ऐसे जिले हैं जहां कम पद हैं।
मेरिट के बारे में भी मिलेगी जानकारी
अधिक पद वाले जिलों से सूचना अभी तक एससीईआरटी को नहीं मिली है। एससीईआरटी निदेशक सर्वेंद्र विक्रम सिंह ने डायट प्राचार्यों को निर्देश दिया है कि शुक्रवार की शाम तक सूचना हर हाल में उपलब्ध करा दी जाए।
अधिक पद वाले जिलों से सूचना मिलने के बाद ही पता चल सकेगा कि इस बार मेरिट कम होगी या फिर और अधिक जाएगी, क्योंकि आवेदन करने वालों की संख्या 69 लाख के आसपास है।
सभी जिलों से भरे और रिक्त पदों का ब्यौरा मिलने के बाद ही एससीईआरटी, नेशनल इनफार्मेटिक सेंटर (एनआईसी) को पूरी जानकारी उपलब्ध कराएगा। इसके बाद तीसरे चरण की काउंसलिंग का कार्यक्रम जारी किया जाएगा।
प्रशिक्षु शिक्षकों की भर्ती के लिए अब तक दो चरणों की काउंसलिंग हो चुकी है। पहले चरण में मात्र सात फीसदी अभ्यर्थियों ने ही प्रमाण पत्रों का मिलान कराया था। इसके बाद 22 से 30 सितंबर तक दूसरे चरण की काउंसलिंग कराई गई। इसमें दस गुना अभ्यर्थियों को बुलाया गया। फिर भी रिक्तियां नहीं पूरी हो सकीं।
ये है सीटों की स्थिति
पीलीभीत व चंदौली 1200-1200, सोनभद्र 1250, बरेली, सुल्तानपुर 1400-1400, इलाहाबाद, जौनपुर 1500-1500, बदायूं 1600, मिर्जापुर 1650, बलरामपुर 1700, सिद्धार्थनगर 2000, गाजीपुर 2400, महराजगंज, आजमगढ़ 2500-2500, शाहजहांपुर 2800, हरदोई 3000, कुशीनगर, बहराइच 3600-3600, गोंडा 4000 तथा सीतापुर और लखीमपुर में 6000-6000 पद हैं।
जानकारों की मानें तो अधिक पद वाले जिलों में सामान्य और आरक्षित वर्ग की अधिकतर सीटें भर गई हैं। इसलिए तीसरे चरण में अधिक मेरिट गिरने की उम्मीद लगाए बैठे कम अंक वालों को मायूसी हाथ लग सकती है।
सचिव बेसिक शिक्षा एचएल गुप्ता के अनुसार, प्राइमरी स्कूलों में प्रशिक्षु शिक्षकों की भर्ती के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद टीईटी प्रमाण पत्रों का सत्यापन कराने के बाद ही नियुक्ति पत्र जारी किया जाएगा।
सचिव बेसिक शिक्षा ने कहा कि इससे धोखाधड़ी कर नौकरी पाने की चाहत रखने वालों को आसानी से पकड़ा जा सकेगा। उल्लेखनीय है कि भर्ती के लिए 69 लाख आवेदन आए थे। कई आवेदकों ने तो 35 से 40 जिलों से अप्लाई किया था।