हनुमान मंदिर में माथा टेककर रायबरेली पहुंची प्रियंका गांधी, गढ़ बचाने के लिए बिसात बिछाने में जुटीं
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी के पदाधिकारियों की कार्यशाला के इतर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा अपना पारिवारिक गढ़ बचाने के लिए राजनीति की नई बिसात बिछाने में जुट गई हैं। अंदरखाने की मानें तो कुछ नेता प्रियंका के संपर्क में हैं, जो जल्द पार्टी में शामिल हो सकते हैं।
प्रियंका का यह दौरा उस समय हुआ है, जब दो कांग्रेसी विधायकों ने पार्टी लाइन से हटकर काम किया है। वैसे तो प्रियंका लखनऊ में रहकर संगठन को मजबूत बनाने का काम कर रही हैं लेकिन, संगठन में धार देने के लिए उन्होंने अपनी मां सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र को चुना है।
रायबरेली गांधी परिवार का गढ़ माना जाता है। इसलिए कांग्रेस अपने गढ़ को बचाने के लिए पूरी कोशिश कर रही है। करीब दो माह बाद प्रियंका मंगलवार को मां के संसदीय क्षेत्र पहुंची हैं। इस बार यहां प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्यों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रियंका का यह दौरा ऐसे समय में हुआ है, जब कांग्रेस अपने गढ़ में अपनी जमीन बचाने के लिए जद्दोजहद कर रही है।
पूर्व सांसद के बेटे मनीष सिंह कांग्रेस में हो सकते हैं शामिल
पूर्व सांसद अशोक सिंह के बेटे मनीष सिंह बुधवार को प्रियंका की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। मनीष सिंह ने हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधानसभा का चुनाव लड़ा, लेकिन वह चुनाव जीत नहीं पाए। सदर से कांग्रेस विधायक अदिति सिंह, मनीष सिंह की चचेरी बहन हैं।
मनीष सिंह का कहना है कि वे कांग्रेस में शामिल होंगे या नहीं, इसका एलान बुधवार को होगा। उधर, अन्य कई नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने की बात कही जा रही है। ऐसे में चर्चा है कि प्रियंका वाड्रा का दौरा कार्यशाला का शुभारंभ करने के इतर, संगठन को मजबूत करने के लिए भी है।
चुरुवा मंदिर में माथा टेका, हुआ स्वागत
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा ने रायबरेली जाते समय सबसे पहले चुरुवा मंदिर पर पहुंचकर भगवान हनुमानजी को माथा टेका और आशीर्वाद लिया। कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष सदगुरुदेव लोधी की अगुवाई में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़े व फूल मालाओं से उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य बाबा बहेलिया, शिवा शंकर शुक्ला, कृपाशंकर शुक्ला, अमित त्रिपाठी आदि मौजूद रहे। उधर, जिला मुख्यालय पहुंचने पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी ने प्रियंका वाड्रा का स्वागत किया।