प्राण प्रतिष्ठा: हुआ बदलाव, अब सिर्फ जन्मभूमि परिसर का भ्रमण करेंगे रामलला, पहले पूरे नगर का होना था भ्रमण
सुरक्षा कारणों के चलते प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम में एक बड़ा बदलाव हुआ है। यह बदलाव रामलला के नगर भ्रमण से जुड़ा हुआ है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्राण प्रतिष्ठा के पूरे कार्यक्रम में एक बड़ा बदलाव हुआ है। प्राण प्रतिष्ठा से पहले रामलला को नगर भ्रमण कराए जाने की योजना सुरक्षा कारणों से स्थगित कर दी गई है। अब रामलला अयोध्याधाम नहीं सिर्फ राम जन्मभूमि परिसर का भ्रमण करेंगे। यह निर्णय सोमवार को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने काशी के आचार्यों के साथ बैठक के बाद लिया है।
रामलला की प्राण प्रतिष्ठा काशी के विख्यात वैदिक आचार्य गणेश्वर द्रविड़ के निर्देशन में होनी है। गणेश्वर द्रविड़ सोमवार को अयोध्या पहुंचे और ट्रस्ट के पदाधिकारियों से मुलाकात की। बताया गया कि राममंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र व ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने गणेश्वर द्रविड़ समेत अन्य आचार्यों के साथ बैठक कर चर्चा की। चर्चा में यह बात सामने आई कि जब रामलला को नगर भ्रमण कराया जाएगा तो उनके दर्शन के लिए श्रद्धालु व भक्त उमड़ पड़ेंगे, भीड़ नियंत्रण में प्रशासन को मुश्किल होगी।
इस पर आचार्यों से राय मांगी तो आचार्यों ने केवल राम जन्मभूमि परिसर का ही भ्रमण कराने का सुझाव दिया जिसे ट्रस्ट ने स्वीकार कर लिया। अब 17 जनवरी को रामलला की अचल मूर्ति राम जन्मभूमि परिसर पहुंचेगी और परिसर में ही शोभायात्रा निकालने की रस्म पूरी की जाएगी। बैठक के बाद गणेश्वर द्रविड़ ने प्राण प्रतिष्ठा के लिए बन रहे यज्ञ मंडप व हवन कुंड का भी निरीक्षण किया। बताया गया कि प्राण प्रतिष्ठा के लिए दो यज्ञ मंडप व नौ हवन कुंड बनाने का काम सोमवार की देर रात तक पूरा हो गया है।
राम जन्मभूमि के सुरक्षा सलाहकार ने परखी तैयारियां
राम जन्मभूमि के सुरक्षा सलाहकार केके शर्मा भी सोमवार को पहुंचे। उन्होंने राम जन्मभूमि पथ व राम जन्मभूमि परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा के इंतजामों की जानकारी ली। राम जन्मभूमि पथ पर लगाए जा रहे सुरक्षा उपकरणों की भौतिक प्रगति भी देखी। एक दिन पहले राममंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने राम जन्मभूमि पथ पर सुरक्षा उपकरण लगाने की धीमी गति पर नाराजगी जताई थी। राम जन्मभूमि के सुरक्षा सलाहकार ने भी कार्यदायी संस्था को काम तेज करने का निर्देश दिया है। सोमवार से रात में भी काम शुरू हो गया है। हर हाल में 14 जनवरी तक सभी उपकरण लगाने व यात्री सुविधा केंद्र का संचालन शुरू करने को कहा है। सोमवार से ही सुरक्षा उपकरणों का ट्रायल होना था लेकिन अधूरे काम के चलते ट्रायल स्थगित कर दिया है। अब सारे उपकरण लग जाने के बाद 15 जनवरी से एक साथ ट्रायल शुरू किया जाएगा। सलाहकार ने राममंदिर में भी लग रहे सुरक्षा उपकरणों की भौतिक प्रगति देखी। निरीक्षण के दौरान आईजी प्रवीण कुमार, एसएसपी राजकरण नैय्यर, एसपी सुरक्षा पंकज पांडेय, मंदिर निर्माण प्रभारी गोपाल राव समेत अन्य मौजूद रहे।