बहराइच: नकली सोने की ईंट को असली बताकर बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश, छह को दबोचा
बहराइच नगर पुलिस ने नकली सोने की ईंट को असली बताकर बेचने वाले राष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से एक कार व दो सोने की नकली ईंट बरामद हुई है।
पूछताछ में पता चला कि पकड़े गए ठग यूपी के कई जिलों में ठगी करने के साथ ही दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान में ठगी करते थे। बहराइच पुलिस को पिछले कई दिनों से जिले में गिरोह के सक्रिय होने की सूचना मिल रही थी।
इस पर पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने कोतवाली नगर पुलिस को गिरोह के सदस्यों पर शिकंजा कसने की जिम्मेदारी दी। इस पर प्रभारी निरीक्षक आलोक राव ने टीम के साथ तिकोनीबाग के निकट घेराबंदी कर एक कार को पकड़ा। जिससे छह लोग गिरफ्तार किए गए है। कार पर आगे व पीछे की नंबर प्लेट पर अलग-अलग राज्यों के नंबर अंकित थे।
यूपी के इन जिलों में वारदात की बात स्वीकारी
प्रभारी निरीक्षक आलोक राव ने बताया कि पूछताछ के दौरान ठगों ने यूपी के लखनऊ, लखीमपुर, गोंडा, बहराइच, बाराबंकी, बरेली, पीलीभीत समेत कई जिलों में ठगी की वारदात अंजाम देने की बात स्वीकारी।
पुलिस के हाथ कुछ अन्य अहम सुराग भी हाथ लगे हैं। पूछताछ के बाद उसका खुलासा किया जाएगा। पकड़े गए ठग लखीमपुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।