{"_id":"5d83fbae53a24870269a1cc6d593c8a1","slug":"police-alart-in-old-city","type":"story","status":"publish","title_hn":"दहशतगर्दों की खोज में घर-घर खाकी की दस्तक","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दहशतगर्दों की खोज में घर-घर खाकी की दस्तक
संजय त्रिपाठी/लखनऊ
Updated Sat, 28 Sep 2013 02:13 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मोहर्रम के भले ही अभी दो महीने हैं लेकिन 21वीं रमजान पर हुए बवाल और मुजफ्फरनगर कांड को लेकर पुलिस ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। पुराने शहर के हर आदमी का ब्योरा दर्ज करने के लिए पांच थानों की टीमें घर-घर दस्तक दे रही हैं।
विज्ञापन
वहीं चार थानों की पुलिस ने ढाई सौ उपद्रवी चिह्नित कर लिए हैं और उनकी धरपकड़ के लिए आला अफसरों के इशारे का इंतजार है। मोहर्रम में शांति व्यवस्था के मद्देनजर एसपी सिटी पश्चिम अजय कुमार ने पुराने शहर के सभी थाना प्रभारियों को इलाके के हर व्यक्ति का ब्योरा थाने में दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
विज्ञापन
फिलहाल चौक, सआदतगंज, बाजार खाला, ठाकुरगंज व वजीरगंज थाने की पुलिस को मोहर्रम जुलूसों के रास्ते में स्थित मकानों में रह रहे लोगों का ब्योरा दर्ज करने को कहा गया है।
विज्ञापन
जुलूसों की सौ मीटर की परिधि में स्थित मकानों के मालिक, किराएदार व उनके परिवार के विवरण के साथ मोबाइल नंबर दर्ज करने के लिए बीट के दरोगा व सिपाहियों को 30 सितंबर तक का समय दिया गया है।
इसमें पासपोर्ट व शस्त्र लाइसेंस धारकों का भी ब्योरा शामिल है। इस आदेश पर पांचों थानों की टीमों ने घर-घर दस्तक देनी शुरू कर दी है।
ढाई सौ उपद्रवियों की धरपकड़ के लिए इशारे का इंतजार
एसपी सिटी पश्चिम अजय कुमार ने बताया कि 21वीं रमजान के जुलूस में पथराव व उसके बाद पुराने शहर के विभिन्न स्थानों पर पथराव, तोड़फोड़, आगजनी के ढाई सौ आरोपियों को चिह्नित कर लिया गया है।
अभी तक सआदतगंज, चौक, बाजारखाला व ठाकुरगंज पुलिस द्वारा 50 उपद्रवी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस सूत्रों ने जानकारी दी है कि चिह्नित उपद्रवियों में से दोनों पक्षों के कई रसूखदार हैं।
पुलिस ने फोटो के आधार पर इन्हें चिह्नित करने के साथ सबूत तो जुटा लिए हैं लेकिन धरपकड़ के लिए आला अफसरों के इशारे का इंतजार है।
उपद्रवियों की धरपकड़ के मामले में एसपी सिटी का कहना है कि मुकदमों की तफ्तीश कर रहे विवेचकों द्वारा साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और ठोस सबूत के आधार पर जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी शुरू कर दी जाएगी।
इलाके के उपद्रवियों को नहीं पहचानते एसपीओ
जरूरत पर मदद व इलाके से वाकिफ होने का दावा करके पुराने शहर के सैकड़ों लोगों ने विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) का परिचय पत्र हासिल कर रखा है। अपने वाहनों पर पुलिस का निशान बनाकर इलाके में दबदबा बनाए एसपीओ मदद की जरूरत पर विफल रहे।
पुलिस अफसरों ने पथराव व तोड़फोड़ करते उपद्रवियों के फोटो दिखाए लेकिन एसपीओ उन्हें पहचान नहीं सके। इसके चलते युवाओं को पुलिस मित्र बनाकर उनकी मदद ली जा रही है।
शस्त्र लाइसेंस सत्यापन से हड़कंप
एसपी सिटी अजय कुमार ने बताया कि लाइसेंसी हथियारों व कारतूसों के दुरुपयोग की आशंका के मद्देनजर शस्त्र लाइसेंसों की विस्तृत सत्यापन कराया जा रहा है।
आमतौर पर किसी वारदात या उपद्रव में अवैध हथियार इस्तेमाल किए जाते हैं लेकिन कारतूस फैक्ट्री में निर्मित होते हैं।
ऐसे में शस्त्र लाइसेंस धारकों से कारतूसों का ब्योरा एकत्र किया जा रहा है। कारतूसों के सत्यापन को लेकर हड़कंप मचा है।